असम के दरांग जिले में दुर्गा पूजा पंडालों से दर्शन कर लौट रहे लोगों की कार एक ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल हादसे में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।
ट्रक में घुस गई कार
पुलिस के मुताबिक, असम के दरांग जिले में NH-15 पर धुला के सरकार चारियाली के पास आधी रात के करीब एक कार ने तेजपुर जा रहे मालवाहक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्गा पूजा पंडालों से लौटते समय हुए इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पूजा पंडाल से लौट रहे थे लोग
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कार में खारूपेटिया के रहने वाले छह लोग सवार थे, जो मंगलदाई में दुर्गा पूजा पंडालों से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
तीन युवकों की हुई मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंकुश दास, प्रीतम दास और मिथुन साहू के रूप में हुई है। तीनों खारूपेटिया के वार्ड नंबर 7 के निवासी थे। अंकुश और प्रीतम एक ही परिवार से थे। वहीं, घायल सागर साहा, गणेश दास और सोनाई सरकार को बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में भर्ती कराया गया है।
यूपी के बलरामपुर में हादसा
इसी तरह का एक हादसा उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भी हुआ, जहां दुर्गा पूजा पंडाल के पास पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को एक कार ने कुचल दिया। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। बाकी चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है।

