भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन लगातार पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके जल्द ही डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे यह सिस्टम 17.9°N अक्षांश और 86.0°E देशांतर के पास केंद्रित था और पिछले 6 घंटों में करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तरी हिंद महासागर में बनने वाले अगले चक्रवाती तूफान का नाम ‘अर्णब’ रखा जाएगा।
अर्णब का क्या मतलब होता है
‘अर्णब’ नाम का मतलब बंगाली में ‘सागर’ होता है। यह नाम बांग्लादेश ने क्षेत्रीय उष्णकटिबंधीय चक्रवातों की सूची में दिया था, जिसे WMO और IMD मिलकर मैनेज करते हैं।
अगले 12 घंटे में चक्रवाती तूफान होगा सक्रिय
IMD के मुताबिक, डीप डिप्रेशन फिलहाल गोपालपुर से करीब 200 किमी दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम से 200 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व और पुरी से 210 किमी दक्षिण में स्थित है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और अगले 12 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट को पार कर सकता है।
ओडिशा में स्कूल बंद
IMD ने बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन बनने की आशंका जताई है, जिसके चलते ओडिशा में अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम की स्थिति को देखते हुए राज्य के चार जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। IMD ने नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

