कई बार रिलीज डेट बदलने के बाद आखिरकार आलिया भट्ट और शरवरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, जबकि एडवांस बुकिंग भी उम्मीद के मुताबिक खास नहीं रही। ऐसे में अब सभी की निगाहें फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं। शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘अल्फा’ ने ओपनिंग डे पर ठीक-ठाक शुरुआत की है और इसके शुरुआती कलेक्शन के आंकड़े सामने आने लगे हैं।
अल्फा’ बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर ‘अल्फा’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 7 से 8 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। हालांकि, यदि देर शाम और रात के शो में दर्शकों की संख्या बढ़ती है तो फिल्म की कमाई में और इजाफा देखने को मिल सकता है। फिलहाल शुरुआती रुझानों के आधार पर फिल्म के लिए पहले दिन डबल-डिजिट ओपनिंग हासिल करना आसान नहीं दिख रहा है। देशभर में करीब 5,886 शोज़ के साथ रिलीज हुई इस फिल्म का अंतिम ओपनिंग डे कलेक्शन देर रात तक आने वाले आंकड़ों और प्रमुख शहरों में दर्शकों की मौजूदगी पर निर्भर करेगा।
अल्फा को कैसे मिले रिव्यू
बुकमायशो पर भी ‘अल्फा’ को फिलहाल उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है। पिछले एक घंटे में फिल्म के करीब 1,790 टिकट बुक हुए हैं। शिव रावेल के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट के UA 16+ सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी दी है।
अल्फा का इन फिल्मों से होगा मुकाबला
‘अल्फा’ ऐसे वक्त सिनेमाघरों में पहुंची है, जब अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बावजूद फिल्म 137.36 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है। वहीं, ‘अल्फा’ को हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू डाई डू’ से भी कड़ी टक्कर मिल रही है, जिसे रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
