Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर रही SIT की कार्रवाई के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि SIT को सावधान रहना चाहिए, कहीं》 जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। दूसरी ओर, मामले में SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने वाले कर्मचारी लवकुश मिश्रा को हिरासत में लिया है।
Ayodhya Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की जांच एसआईटी कर रही है। इस जांच को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक व्यंग किया है। उन्होंने विशेष जांच दल (SIT) को सचेत करते हुए तंज कसा है कि वह ध्यान रखें कि कहीं इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, एसआईटी सावधान रहें… कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर वे कहेंगे, 15 दिन और इंतजार कीजिए। वे सबूत छिपाने के चक्कर में दिन बढ़ा रहे हैं।”
तीन सदस्यीय समिति का किया गया गठन
उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर से संबंधित कार्यों में अनियमितताओं और दान निधि के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अधिकारियों ने बताया कि समिति को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ संभागीय आयुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) किरण एस और विशेष सचिव (वित्त विभाग) नील रतन सदस्य कर रहे हैं।
SIT की हिरासत में लव कुश मिश्राबता दें कि शनिवार को एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की। लव कुश मिश्रा को एसआईटी ने हिरासत में लिया है। उम्मीद जताई जा रही पूछताछ में कई खुलासे किए जाएंगे। जांच के दौरान मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने वाले कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। युवक रुदौली के शुजागंज क्षेत्र के मीनापुर फगौली गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि कुछ रकम घर की अलमारी में रखी गई थी, जबकि कुछ नकदी गोबर के ढेर में दबाकर छिपाई गई थी. बरामद धनराशि के स्रोत को लेकर फिलहाल जांच जारी है।
’15 दिन और इंतजार कर लें, दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा’
हाल ही में इस मामले पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी थी। सीएम योगी ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। वह दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। सीएम ने कहा कि राम मंदिर के लिए लोगों ने 500 सालों तक इंतजार किया। इस जांच के लिए वे 15 दिन और इंतजार कर लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चोरी मामले में यदि किसी के पास कोई साक्ष्य है तो वह एसआईटी को दे।
साथ ही सीएम ने समाजवादी पार्टी (सपा) को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि ‘राम भक्तों पर गोली चलाने और जय श्री राम बोलने पर लाठी भांजने वाले लोग आज उपदेश देने चले हैं।’

