आम आदमी की जेब पर महंगाई का एक और बोझ पड़ने वाला है। मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने अलग-अलग वैरायटी के दूध पर 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए हैं। नई कीमतें 12 नवंबर 2026 यानी गुरुवार से लागू होंगी।
अमूल के इस फैसले का असर देशभर में दूध खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा। कंपनी के मुताबिक, अमूल ताजा टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। वहीं, अमूल गोल्ड फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये की जगह 80 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
कंपनी ने कीमतें बढ़ाने के पीछे पशुओं के चारे, कैटल फीड, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को वजह बताया है। अमूल का कहना है कि पिछले एक साल में दूध उत्पादन और सप्लाई से जुड़ा खर्च बढ़ा है। इस बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा दूध उत्पादकों यानी किसानों तक पहुंचेगा।
आपको बता दें कि इससे पहले मदर डेयरी ने भी 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक दूध महंगा करने का फैसला लिया था। अब अमूल और मदर डेयरी दोनों के दाम बढ़ने से आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है।

