temple

बिहार के लखीसराय में बड़ा हादसा, मंदिर में भगदड़ मचने से 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, CM ने हादसे पर जताया दुख

बिहार के लखीसराय स्थित ऐतिहासिक अशोक धाम (इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बिजली के पोल में करंट की अफवाह फैलने के बाद भगदड़ मच गई। इस हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सावन का तीसरा सोमवार होने के चलते आज मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्दालु पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

सुबह 6.45 पर हुआ हादसा
बताया जाता है कि हादसा सुबह करीब 6.45 के आसपास हुआ। उस वक्त जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतार में खड़े थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट की अफवाह फैली और भगदड़ मच गई और एक के ऊपर एक श्रद्धालु गिरते चले गए। ताजा जानकारी के मुताबिक 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

कैसे हुआ हादसा?
वहीं जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने बताया कि भगदड़ मचने के चलते यह हादसा हुआ। अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं। ट्रेन को देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी। युवकों की भाग-दौड़ के कारण वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया। पोल गिरते ही मौके पर करंट फैलने की अफवाह उड़ गई। उस समय बिजली आपूर्ति वास्तव में बंद थी और तार कवर किया हुआ था, लेकिन अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी और भगदड़ में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।

सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

अशोक धाम मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र
बता दें कि लखीसराय जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर अशोक धाम मंदिर आस्था और पर्यटन का बड़ा केंद्र है। विशाल शिवलिंग और भव्य मंदिर परिसर के यह धार्मिक स्थल अपनी अलग पहचान बना चुका है। बताया जाता है कि यहां 1977 में पालकालीन विशाल शिवलिंग मिला था। उस समय से यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1