आज के समय में स्वस्थ शरीर ही इंसान की सबसे बड़ी दौलत माना जाता है। यदि व्यक्ति पूरी तरह निरोगी है, तो वही असल मायनों में सबसे अमीर है। लीवर विशेषज्ञ डॉक्टर सरीन के मुताबिक, डॉक्टरो की भाषा में ‘ढाई सुख’ की अच्छी सेहत की पहचाना माना जाता है। इसमें पहला है निरोगी काया यानी किसी भी बीमारी का न होना,दूसरा है रात में गहरी और सुकून भरी नींद। इन दोनों के होने पर बाकी सभी सुख अपने आप छोटे पड़ जाते हैं। यानी जिसके ये ‘ढाई सुख’ हैं,वहीं असली अर्थों में सबसे स्वस्थ और संपन्न व्यक्ति है।
सेहत का ढाई सुख क्या है?
पहला निरोगी काया – स्वस्थ शरीर से बढ़कर कोई सुख नहीं होता, क्योंकि इसे कोई छीन नहीं सकता। सच तो यह है कि अगर शारीरिक और मानसिक सेहत ठीक न हो, तो धन-दौलत, घर और रिश्तों जैसे सभी सुख अधूरे लगते हैं। इसलिए निरोगी रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाना बेहद जरूरी है। इसमें योग,संतुलित आहार और अच्छी जीवनशैली अहम भूमिका निभाते हैं। रोजाना व्यायाम करें, हेल्दी खाना खाएं और अच्छी आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए, तभी सही मायनों में स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।
दूसरा अच्छी नींद – रोजाना करीब 7 घंटे की अच्छी और गहरी नींद शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है। नींद सिर्फ आराम के लिए नहीं, बल्कि शरीर की मरम्मत और सही तरीके से काम करने के लिए होती है। सोते समय शरीर को खुद रिपेयर करता है, जिसे डॉक्टर ‘रिस्टोरीटव स्लिप’ कहते हैं। यह गहरी नींद दिमाग को तेज बनाती है, इम्युनिटी बढ़ाती है और शरीर को एनर्जी देती है। वहीं नींद की कमी से मोटापा बढ़ सकता है, लीवर में फैट जमा होने लगता है और समय से पहले बुढ़ापा आने के साथ-साथ दिल और ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
आधे में अन्य सुख – डॉक्टर के मुताबिक “आधे सुख” में जीवन की सभी भौतिक चीजें जैसे धन,घर,कपड़े, जमीन और भोजन शामिल होते हैं। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग इन्हीं आधे सुखों को पाने के लिए अपने सबसे जरुरी दो सुख— अच्छी सेहत और गहरी नींद –को नजरअंदाज कर रहे हैं। अक्सर अनजाने में यह भूल हो जाती है कि अगर ये दोनों मूलभूत सुख ही नहीं रहे, तो बाकी सभी सुविधाओं का कोई खास महत्व नहीं रहा जाता।
Disclaimer : (यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी फिटनेस रूटीन को शुरू करने, डाइट में बदलाव करने या स्वास्थ्य से जुड़ा कोई भी उपाय अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है। यहां दी गई जानकारी की सटीकता का प्रभाव को लेकर किसी प्रकार का दावा नहीं किया जाता। )
