West Bengal Election 2026 : आज पश्चिम बंगाल के लिए एक अहम दिन है, क्योंकि 152 निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान चल रहा है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उत्तर में दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण में मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली तक के जिलों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं। पहले चरण में राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है। इसे बीजेपी के लिए शुरुआती बढ़त बनाने का सबसे बड़ा मौका और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की सबसे बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने लोगों से मतदान की अपील की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का आज पहला चरण है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में पूरी ताकत के साथ भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा साथियों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।”
पहला चरण बीजेपी के लिए सबसे अहम
पहला चरण राजनीतिक रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल की सभी 54 सीटें शामिल हैं। यही क्षेत्र 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के उभार का आधार बना था और 2021 के विधानसभा चुनाव में उसे तृणमूल का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी बनाने में मददगार रहा था। इन 152 सीटों में से 2021 में भाजपा ने 59 सीटें जीती थीं, जबकि तृणमूल ने 93 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 2.5 लाख जवान तैनात
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें लगभग 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 टुकड़ियों यानी लगभग 2. 5 लाख जवान तैनात किए गए हैं। 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। निर्वाचन आयोग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और पूर्व बर्धमान जिलों को विशेष निगरानी में रखा है।
किन सीटों पर सबकी नज़र रहेगी?
भवानीपुर- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से है।
खड़गपुर सदर- BJP के दिलीप घोष का मुकाबला TMC के प्रदीप सरकार से होगा।
मुर्शिदाबाद- जहां BJP के गौरी शंकर घोष और TMC की शओनी सिंहा रॉय एक बार फिर आमने-सामने हैं।
बहरामपुर- कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी वापसी की कोशिश कर रहे हैं। यहां पर उनका मुकाबला टीएमसी और बीजेपी उम्मीदवार से होगा।
पिछली बार BJP ने कितनी सीटें जीती थीं
2021 के विधानसभा चुनावों में, BJP ने 77 सीटें जीती थीं और अब वह तृणमूल को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है। हालांकि TMC ने दावा किया है कि इस बार BJP का प्रदर्शन और भी खराब रहेगा और उसे 50 से ज़्यादा सीटें नहीं मिल पाएंगी।
वोटर की वोट डालने के बाद घर जाते समय मौत हो
केशपुर, पश्चिम मेदिनीपुर: एक महिला वोटर की वोट डालने के बाद घर जाते समय मौत हो गई। यह घटना पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर ब्लॉक के सरिशखोला ग्राम पंचायत नंबर 12 के 225 दीघा बूथ पर हुई। मृतक वोटर का नाम इसरतन बीबी (56) था। उनके पति का नाम लबाब जान अली है, उनका घर सिमगेरिया गांव में है। मृतक महिला के पति ने कहा, “हमारा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, सिर्फ मेरी पत्नी का नाम था। वह काफी समय से इस बारे में सोच रहे थे। मैं सुबह उनके साथ वोट डालने गया था, लेकिन वोट डालने के लिए घर जाते समय रास्ते में उनकी अचानक मौत हो गई। केशपुर से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार शेउली साहा मृतक वोटर के घर गईं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की ज्ञान की आंखें कब खुलेंगी, चुनाव आयुक्त ने उनके परिवार के चार सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए हैं। वह काफी समय से इस बारे में सोच रहे थे। वोटिंग के बाद घर लौटते समय उनकी मौत हो गई। यह मौत बहुत दुखद है।
मुर्शिदाबाद में धरने पर बैठे हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने बंगाल पुलिस पर कार्यकर्ताओं को पीटने का आरोप लगाया है। वहीं, साउथ दिनाजपुर के कुमारगंज में हंगामा हुआ है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि TMC पोलिंग एजेंट को रोक रही है।
सुवेंदु अधिकारी ने किया नंदीग्राम का दौरा
सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम के संवेदनशील बूथों पर गए। उन्होंने शेख शहाबुद्दीन पर हिंदू वोटर्स को धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि TMC की गुंडागर्दी नहीं चलने दूंगा।
अग्निमित्रा पाल को पुलिस ने रोका, गाड़ियों को लेकर हुआ विवाद
आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल को पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। जानकारी के अनुसार, अग्निमित्रा पाल के पीछे चल रही मीडिया की गाड़ियों को रानीगंज के निमचा फाड़ी की प्रभारी नासरीन सुल्ताना ने रोक दिया। पुलिस अधिकारी का कहना था कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार किसी भी प्रत्याशी के साथ तीन से अधिक गाड़ियां नहीं हो सकतीं। इस पर अग्निमित्रा पाल ने विरोध जताते हुए कहा कि वह केवल दो गाड़ियों के साथ ही चल रही हैं और पीछे जो गाड़ियां हैं, वे मीडिया की हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह नियमों का हवाला देकर उन्हें स्वतंत्र रूप से घूमने से रोका नहीं जा सकता। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मीडिया स्वतंत्र है और उनके काम में बाधा डालने का अधिकार राज्य पुलिस को नहीं है।
बताया जा रहा है कि यह घटना निमचा कोलियरी हिंदी प्राइमरी स्कूल के बाहर हुई, जहां बूथ के 100 मीटर के अंदर काफी भीड़ जमा हो गई थी। उस समय वहां पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। बाद में पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को हटाया। फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
बंगाल में 11 बजे तक 41.11% वोटिंग
चुनाव आयोग के अनुसार, बंगाल में सुबह 11 बजे तक 41.11% वोटिंग हुई है। पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें दिख रही है। महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कूच बिहार में वोटिंग के दौरान TMC कार्यकर्ताओं का हंगामा
कूच बिहार में वोटिंग के दौरान TMC कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया है। तुफानगंज-2 ब्लॉक के मानसाई जिले की बरकोदली-2 ग्राम पंचायत के 237 और 238 बूथों पर टी एम सी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने TMC कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया है।
हुमायूं कबीर के पहुंचते ही हंगामा
मुर्शिदाबाद के नवादा विधानसभा क्षेत्र में तनाव हो गया है। तृणमूल कार्यकर्ताओं और हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई है। टीएमसी और AJUP के बीच झड़पें और हाथापाई शुरू हो गई। हुमायूं कबीर और तृणमूल कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। हुमायूं कबीर निकलने कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि उन्हें निकल ने से रोका गया है।
मुर्शिदाबाद में TMC-AUJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
मुर्शिदाबाद में TMC कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि हुमायूं कबीर के पहुंचने के बाद हंगामा हुआ और नारेबाजी हुई। हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा कर रहे हैं, जहां कल एक देसी बम फेंके जाने की घटना सामने आई थी।
मुर्शिदाबाद के नौदा में अज्ञात लोगों ने फेंका देसी बम
मुर्शिदाबाद ज़िले के नौदा में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा देसी बम फेंके जाने से कई लोग घायल हो गए। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में किया मतदान
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। अधिकारी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने डाला अपना वोट
मुर्शिदाबाद: आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल चुनावों में पहली बार अपनी पार्टी के लिए वोट डालूंगा। मैं 1982 से चुनावों में हिस्सा लेता आ रहा हूं, लेकिन यह पहली बार है जब मेरी अपनी पार्टी इन चुनावों में चुनाव लड़ रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए…”
चुनाव आयोग पर भड़के मंत्री प्रदीप मजूमदार
राज्य के निवर्तमान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और दुर्गापुर पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार ने मतदाता सूची में कई लोगों के नाम शामिल नहीं किए जाने पर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। इस सिलसिले में उन्होंने दुर्गापुर के जिरिंगी श्मशान काली मंदिर में पूजा की और स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रार्थना की। उनके मुताबिक, कई वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में नहीं होने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान हो सकता है, इसलिए इस मामले को गंभीरता से देखा जाना चाहिए। इस दिन पूजा करने के अलावा उन्होंने आम लोगों के मतदान के अधिकार को सुरक्षित करने की जरूरत पर जोर दिया और प्रशासन से इस मामले को जल्द सुलझाने की मांग की।
कूच बिहार में वीवीपैट खराब
कूच बिहार ज़िले के शीतलकुची विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 5/233 में वीवीपैट खराब हो गया है। कई लोग अभी भी वोट डालने का इंतज़ार कर रहे हैं।
बूथ संख्या 165 पर मतदान रुका, मशीन में बैटरी खत्म
विधानसभा संख्या 277 के बूथ संख्या 165 पर ईवीएम मशीन में बैटरी नहीं है। इसकी वजह से मतदान प्रक्रिया बंद पड़ गई है। इस मतदान केंद्र पर कुल 281 मतदाता हैं।
मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें
आसनसोल में कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। दुर्गापुर में सिटी सेंटर के इनकम टैक्स बिल्डिंग में मतदान चल रहा है। सुबह से ही मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। मतदाता निकल रहे हैं।
अधीर रंजन चौधरी बोले- कांग्रेस के पक्ष में आएंगे नतीजे
बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “मुझे अच्छे नतीजों की उम्मीद है। खासकर मुर्शिदाबाद ज़िले में सत्ता-विरोधी लहर है। सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव प्रचार में करोड़ों खर्च किए हैं, फिर भी मुझे विश्वास है कि हम अपनी खोई हुई ज़मीन काफ़ी हद तक वापस पाने में कामयाब होंगे। आप लोग सत्ताधारी पार्टी और BJP में फ़र्क कर सकते हैं, लेकिन मुझे उनमें ज़्यादा फ़र्क नज़र नहीं आता। वे दोनों ही चुने हुए तानाशाह हैं।”
पीएम मोदी की अपील- लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लें लोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से मतदान करने की अपील की है। एक्स पर पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी ताक़त के साथ हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा साथियों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें।”
सिलीगुड़ी में लगी लंबी कतारें
सिलीगुड़ी में भी मतदान केंद्र के बाहर लोग कतार में खड़े हैं और वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं। सुबह से मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
पोलिंग बूथों पर लगी लंबी कतारें
राज्य विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू होने के साथ ही बीरभूम में एक मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी सुबह से ही मतदाता वोट डालने के लिए पहुंच गए। भीषण गर्मी की वजह से लोग सुबह वोट डालने बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
पहले चरण के लिए मतदान शुरू
पश्चिम बंगाल में चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। बंगाल की कुल 294 सीटों में से 152 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

