महिला टी20 एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से दुबई में होगा, जिसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी। पाकिस्तान को ग्रुप-ए में भारत के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। फातिमा सना को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह श्रीलंका के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में द हंड्रेड में व्यस्त होने के कारण टीम का हिस्सा नहीं थीं।
सादिया और गुल फिरोजा की भी हुई वापसी
पाकिस्तान महिला टीम एशिया कप में 1 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करेगी, जबकि 5 सितंबर को उसका मुकाबला भारत से होगा। टीम में कप्तान फातिमा सना के साथ सादिया इकबाल और गुल फिरोजा की वापसी हुई है। वहीं PCB ने रिजर्व खिलाड़ियों में तस्मिया रुबाब, हुमना बिलाल, महाम अनीस और सदाफ शमास को शामिल किया है।
महिला टी20 एशिया कप 2026 के लिए पाकिस्तानी टीम
फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, एमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नजीहा अल्वी, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, शावल ज़ुल्फिकार, तूबा हसन, उम्म ए हानी, वहीदा अख्तर।
एशिया कप से पहले होगा 10 दिनों का ट्रेनिंग कैंप
पाकिस्तान महिला टीम एशिया कप 2026 की तैयारी के लिए 25 अगस्त तक लाहौर की नेशनल क्रिकेट अकादमी में 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप करेगी। इसके बाद टीम जापान में 17 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा लेगी, जहां क्वार्टर फाइनल में उसका सामना थाईलैंड से होगा। एशियन गेम्स के लिए घोषित टीम में सादिया इकबाल, वहीदा अख्तर और नाजिहा अल्वी को जगह नहीं मिली है।

