Russia Ukraine Conflict

Russia Ukraine War: रूस ने दी धमकी-कहा- अमेरिका और पश्चिमी देशों के हथियार देने से बिगड़ जाएगी यूक्रेन की स्थिति

Russia Ukraine War: यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि डोनबास इलाके में रूसी सेना ने शनिवार को बड़े हमले किए लेकिन वह योजना अनुसार यूक्रेन (Ukraine) के 3 इलाकों पर कब्जा नहीं कर सकी। रूसी सेना इस समय डोनेस्क के लीमन और सीवीरोडोनेस्क और लुहांस्क के पोप्साना पर कब्जे की कोशिश कर रही है। इस बीच रूस ने कहा है कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंध और यूक्रेनी सेना के लिए हथियारों की आपूर्ति से युद्धविराम की संभावना को कमजोर होगी।
यूक्रेन को 60 हजार करोड़ के मिले हथियार, 40 देशों ने दिए

यूक्रेन (Ukraine) को अभी तक 8 अरब डालर से ज्यादा मूल्य के हथियारों की आपूर्ति हो चुकी है। इससे कई गुना ज्यादा हथियार आने वाले दिनों में मिलने हैं। रूसी सेना से मुकाबले के लिए यूक्रेन को अमेरिका, ब्रिटेन सहित करीब 40 देश हथियार दे रहे हैं।

यूक्रेन में युद्ध और भड़केगा
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि अमेरिका और यूरोपीय देश अगर वास्तव में यूक्रेन में शांति चाहते हैं तो वहां पर हथियार भेजना बंद करें। भारी मात्रा में हथियारों की आमद से वहां पर युद्ध और भड़कने की आशंका पैदा हो रही है। 2 महीने से ज्यादा समय से यूक्रेन में चल रहे युद्ध में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और 55 लाख लोग भागकर अन्य देशों में चले गए हैं। रूसी सेना द्वारा रिफाइनरी नष्ट करने, बंदरगाहों में आवाजाही बंद करने और ईंधन संबंधी आधारभूत ढांचा नष्ट किए जाने से यूक्रेन (Ukraine) में अब पेट्रोल, डीजल और गैस का संकट पैदा हो रहा है। कई शहरों में दस लीटर ईंधन मिलने की सीमा तय कर दी गई है।
24 घंटे में 389 ठिकानों को बनाया निशाना

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि शनिवार-रविवार की रात उसके टैंकों और तोपों ने यूक्रेन में कुल 389 ठिकानों को निशाना बनाया। लुहांस्क के गवर्नर सेरही गैदाई ने कहा है कि रूसी टैंकों ने पूरे इलाके में गोलाबारी की है लेकिन उन्हें अपने उद्देश्य में सफलता नहीं मिली है। रूसी हमलों में 30 मकान और 2 स्कूल बर्बाद हुए हैं। यूक्रेनी सरकार ने रूसी सैनिकों पर यूक्रेन का खाद्यान्न और ईंधन की चोरी का आरोप लगाया है। कहा है कि रूसी सैनिक करीब 15 लाख टन खाद्यान्न अपने साथ ले गए हैं। यह खाद्यान्न जपोरीजिया, खेरसान, डोनेस्क और लुहांस्क से ले जाया गया है।
कीव के नजदीक यूक्रेनी नागरिकों के 900 शव और मिले

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने कीव के नजदीक 900 शवों के मिलने की जानकारी दी है। ये शव एक सामूहिक कब्र में मिले हैं जिन्हें इलाके में रूसी सेना के कब्जे के दौरान दफन किया गया था। बीते मार्च महीने में यह इलाका रूसी सेना के कब्जे में था। जेलेंस्की ने कहा है कि कोई नहीं जानता कि कीव और बाकी यूक्रेन में कुल कितने लोग मारे गए हैं। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि करीब 5 लाख लोगों को रूसी सेना ने रूस भेज दिया है। वहां पर उन लोगों का क्या हाल है, वे जिंदा भी हैं या नहीं, कोई नहीं जानता।
जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेनी नागरिकों पर अत्याचार और उनकी हत्या के लिए दोषी रूसी सैनिकों और अधिकारियों पर युद्ध अपराध का मुकदमा चलाने के जांच का कार्य चल रहा है। इससे पहले कीव के नजदीक बूचा कस्बे में 412 लोगों के शव मिल चुके हैं और करीब इतने ही शव आसपास के अन्य इलाकों में मिले हैं।

कर्जदार के दाग से बचने को रूस ने अमेरिका को किया भुगतान

पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों से जूझते और यूक्रेन (Ukraine) के साथ युद्ध में फंसे रूस ने अपने कर्ज को चुकाने में बिल्कुल भी हीलाहवाली नहीं की। उसने एक अमेरिकी बैंक को 64.9 करोड़ डालर का भुगतान निर्धारित अवधि में ही कर दिया। इससे पहले रूस ने रूबल में भुगतान करने की कोशिश की लेकिन जब उसे स्वीकार नहीं किया गया तो उसने अपने डालर रिजर्व से कर्ज का भुगतान कर दिया। रूस सरकार ने ऐसा तब किया है जबकि उसकी और उसके नागरिकों की अरबों डालर की संपत्ति अमेरिका और पश्चिमी देशों ने प्रतिबंध लगाकर जब्त कर ली है।
पति को सुरक्षित निकालने की अपील

मारीपोल स्थित अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री से रूसी सैनिकों की टक्कर ले रहे 2 लड़ाकों की पत्नियों ने उनकी जान बचाने की अपील यूक्रेन की सरकार से की है। कहा है कि फैक्ट्री से लोगों की निकासी के लिए रूसी सेना से होने वाले समझौते में सैनिकों और लड़ाकों को भी शामिल किया जाए। क्योंकि अगर फैक्ट्री से नागरिक निकल आए तो रूसी सेना फैक्ट्री में बचे यूक्रेनी सैनिकों और लड़ाकों को पकड़कर उन्हें तड़पाएगी और फिर मारेगी। विदित हो कि करीब 12 वर्ग किलोमीटर में फैली इस फैक्ट्री में इस समय करीब 2 हजार यूक्रेनी सैनिक व विदेशी लड़ाके और 1 हजार नागरिक मौजूद हैं।

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1