समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, 7 मई गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे. इस संदर्भ में अखिलेश यादव का आधिकारिक कार्यक्रम जारी हो गया है.
वह 7 मई 2026, गुरुवार को सुबह 10:30 बजे लखनऊ से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे. इस दौरे का मकसद पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को नैतिक समर्थन देना है. बंगाल चुनाव परिणामों के मद्देनजर अखिलेश यादव का यह दौरा राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है, जहां वह ममता बनर्जी के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे.
दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे वक्त में हो रही है जब राज्य में संवैधानिक संकट की आशंका जताई जा रही है. दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि चूंकि राज्य में चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए और नैतिक तौर पर टीएमसी की जीत हुई है इसलिए वह लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी. सीएम ने यह भी कहा कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगी.

