औरैया में दहेज को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को जमकर पीटने के बाद जिंदा फूंक डाला। मारते वक्त उसकी परिजनों से फोन पर बात कराई थी। दूसरे दिन मायके वाले पहुंचे तो बेटी का जला शव पड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपित फरार हो गए।
औरैया के सहायल थाना क्षेत्र के मान धमन निवासी विनोद कुमार ने 21 वर्षीय पुत्री नेहा का विवाह फफूंद के पसईपुर केशमपुर निवासी प्रधान विनोद दोहरे के बेटे सचिन प्रताप के साथ इसी साल 28 जनवरी को किया था। विनोद ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 15 लाख रुपए मांग कर रहे थे। सोमवार रात उसके पति, ससुर सहित व अन्य ने बेटी को पीटते समय फोन पर बात कराई थी। बेटी ने रोते हुए बताया कि उसके साथ कुछ भी हो सकता है। मंगलवार को परिजन उसकी ससुराल पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी लगी थी और ससुराल वाले फरार थे। कमरे में विवाहिता का जला हुआ शव पड़ा था। नेहा के पति, ससुर, सास उर्मिला देवी, देवर राहुल, ननद प्रिया, मामा बटेश्वर व उसकी पत्नी पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
