अपने समर्थकों के बीच ‘थलापति’ के नाम से मशहूर अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने सभी राजनीतिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। अब उनके सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी।
200 यूनिट मुफ्त बिजली में जोड़ी कंडीशन
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पदभार संभालते ही अपनी चुनावी गारंटियों को लागू करने की दिशा में बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। ‘थलापति’ के नाम से लोकप्रिय विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया, लेकिन इसके साथ एक शर्त भी जोड़ दी गई। यह सुविधा केवल उन उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिनकी दो महीने की कुल बिजली खपत 500 यूनिट तक होगी। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और विपक्ष भी सरकार को घेरने में जुट गया है। कई लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान बिना किसी शर्त के मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया था।
इसके अलावा विजय सरकार ने राज्य में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के लिए 65 एंटी-ड्रग टास्क फोर्स यूनिट बनाने का फैसला किया है। वहीं महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ‘सिंगा पेन सिरप्पु अथिराडी पदाई’ नाम से विशेष सुरक्षा बल गठित करने का ऐलान भी किया गया है। सरकार का दावा है कि यह विशेष टीम महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। हालांकि मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने वादों को जमीन पर उतारने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी।
खजाना खाली, कर्ज का पहाड़
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी महत्वाकांक्षी चुनावी घोषणाओं को लागू करने की है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है। विजय ने खुद स्वीकार किया है कि तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है और सरकारी खजाना लगभग खाली हो चुका है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्तीय हालात सरकार के लिए बड़ा बोझ बन चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता से किए गए वादों को पूरा करने की कोशिश जारी रहेगी।
विजय की पार्टी ने चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं और परिवारों के लिए कई बड़े वादे किए थे। इनमें 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा शामिल है। इसके अलावा विवाह के लिए 22 कैरेट का 8 ग्राम सोना और हर परिवार को सालाना छह मुफ्त गैस सिलेंडर देने की घोषणा भी की गई थी। पार्टी ने नवजात बच्चों के लिए ‘थाई ममन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना के तहत सोने की अंगूठी देने और ‘बेबी वेलकम किट’ उपलब्ध कराने का भी वादा किया है, जिसमें पोषण से जुड़े सामान और बच्चों के कपड़े शामिल होंगे।
शादी के लिए सोना, रेशमी साड़ी
फिल्मी दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले सी. जोसेफ विजय ने अपने चुनावी वादों में महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए कई विशेष योजनाओं का ऐलान किया है। उन्होंने जरूरतमंद दुल्हनों को सोने के साथ-साथ प्रीमियम क्वालिटी की रेशमी साड़ी देने का वादा किया है। इसके अलावा महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई है।अपने समर्थकों के बीच ‘थलापति’ के नाम से मशहूर अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने सभी राजनीतिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। अब उनके सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी।
