“The Great Indian Kapil Show” का हालिया ‘लाफ्टर डे’ स्पेशल एपिसोड इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस खास एपिसोड में Kapil Sharma ने युवा कॉमेडियन ‘Samay Raina’ और लोकप्रिय पॉडकास्टर ‘Ranveer Allahbadia’ को मेहमान के तौर पर बुलाया। लेकिन शो का सबसे बड़ा सरप्राइज तब देखने को मिला, जब दिग्गज कॉमेडियन Sunil Pal की अचानक एंट्री हुई। इस खास रीयूनियन ने दर्शकों को उत्साहित करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर चर्चाओं और विवादों को भी हवा दे दी।
पुरानी अदावत और ऑन स्क्रीन रियूनियन
Sunil Pal और Samay Raina के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया। दोनों कलाकारों के बीच पहले भी कई बार वैचारिक टकराव देखने को मिला हैं, जहां समय अपने शोज में सुनील पाल पर तंज कसते नजर आए, वहीं सुनील ने भी स्टैंडअप कॉमेडी को लेकर तीखी टिप्पणियां की थीं। ऐसे में “The Great Indian Kapil Show” के मंच पर दोनों का आमना-सामना दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प रहा। शो के दौरान मजाक और व्यंग्य से भरी बातचीत ने ऐसा माहौल बना दिया कि सोशल मीडिया पर इसे सुनील पाल को रोस्ट करने वाला प्लान्ड एक्ट तक कहा जाने लगा।
सुनील पाल ने तोड़ी चुप्पी
एपिसोड के प्रसारण के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या Sunil Pal को शो में सिर्फ मजाक का पात्र बनाने के लिए बुलाया गया था। इन सवालों के बीच सुनील पाल ने हालिया इंटरव्यू में अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्हें शो में स्टैंडअप परफॉर्मेंस के लिए आमंत्रित किया गया था। उनके मुताबिक, वह पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे, लेकिन मंच पर माहौल अलग हो गया और उन्हें अपना एक्ट पेश करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने स्क्रीन पर जो नोक-झोंक देखी, वही वहां मुख्य रूप से होती रही।
रोस्टिंग पर सुनील पाल का नजरिया
जब Sunil Pal से पूछा: क्या शो में उनके साथ गलत हुआ, तो उन्होंने बेहद संतुलित अंदाज में जवाब दिया। सुनील ने कहा कि वह इसे ‘धोखा’ नहीं कहेंगे, लेकिन जिस उम्मीद के साथ वह शो में पहुंचे थे, चीजें वैसी नहीं रहीं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि शो में हुई रोस्टिंग से उन्हें कोई नाराजगी नहीं है, क्योंकि यह मनोरंजन का हिस्सा था। उनका कहना था कि अगर चाहते तो जवाब दे सकते थे, लेकिन उन्होंने माहौल और मंच की मर्यादा बनाए रखना बेहतर समझा।
