जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को गोलीबारी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक इस गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई है। हालांकि यह गोलीबारी किस लिए हुई और किन लोगों के बीच हुई, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है और पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वह इस इलाके में न जाएं। इसके साथ ही अब पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। अभी तक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
दो संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि सोमवार को उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। जर्मन समाचार एजेंसी DPA ने पुलिस के हवाले से बताया कि दो संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि युवाओं के लिए बने एक सेंटर के पास गोलियां चलीं और वे शहर के सेंटर के दक्षिण में स्थित सड़क, डैंकर्सस्ट्रैस पर एक बड़ा ऑपरेशन चला रहे थे। क्या हुआ या पीड़ित कौन थे, इस बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई। बता दें कि स्टेड की आबादी लगभग 50,000 है और यह हैम्बर्ग से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दूर स्थित है।
पुलिस ने इलाके को सील किया
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे उस इलाके में न जाएं और ऑपरेशन के दौरान इमरजेंसी सर्विस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि गोलीबारी की वजह अभी पता नहीं चल पाई है और जांच करने वाले यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घटना क्यों हुई। पुलिस ने घटनास्थल वाले इलाके को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर पीड़ितों की पहचान और गोलीबारी से जुड़ी परिस्थितियों समेत और जानकारी दी जाएगी।
जर्मनी में हुई हाल की घटनाएं
सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना, पिछले दो सालों में जर्मनी में हुई हिंसा की कई बड़ी घटनाओं के बाद हुई है। इससे पहले फरवरी 2025 में, पूर्व बॉक्सर बेसार निमानी की हत्या से जुड़े मुकदमे के दौरान बीलेफेल्ड में एक कोर्ट के पास गोलीबारी हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और पुलिस ने जांच की कि क्या यह गोलीबारी चल रहे अदालती मामले से जुड़ी थी।
इससे पहले, दिसंबर 2024 में, सऊदी मूल के एक मनोचिकित्सक ने मैगडेबर्ग में क्रिसमस के भीड़-भाड़ वाले बाज़ार में किराए की कार घुसा दी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। बाद में आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। जर्मन अधिकारियों ने बताया कि हमलावर के विचार इस्लाम-विरोधी थे और वह दक्षिणपंथी विचारधारा का समर्थक था। स्टेड में हुई हालिया गोलीबारी ने एक बार फिर सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जबकि पुलिस हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।

