हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कमजोर ग्लोबल संकेतों और मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39% गिरकर 81,592.45 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 155.05 अंक यानी 0.61% टूटकर 25,144.30 के स्तर पर आ गया। रियल्टी, ऑटो और सीमेंट शेयरों में कमजोरी ने बाजार की गिरावट को और बढ़ाया। मार्केट ब्रेथ भी कमजोर रहा, जहां 2,328 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 1,763 शेयरों में तेजी रही।
सीमेंट और रियल्टी सेक्टर सबसे ज्यादा टूटे
सेक्टोरल मोर्चे पर शुक्रवार को ज्यादातर इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी सीमेंट में 1.81% और रियल्टी इंडेक्स में 1.39% की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटो, मेटल, केमिकल्स, बैंक, प्राइवेट बैंक और आईटी इंडेक्स भी लाल निशान में रहे। वहीं, एफएमसीजी इंडेक्स लगभग सपाट रहा, जबकि निफ्टी मिडस्मॉल आईटी टेलीकॉम 0.23% की मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ।
इन 5 शेयरों ने दिया सबसे बड़ा झटका
निफ्टी के दिग्गज शेयरों में भारी बिकवाली से निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा।
•श्रीराम फाइनेंस 3.37% की भारी गिरावट के साथ टॉप लूजर रहा।
•टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स शेयर में 3.31% की बड़ी टूट दर्ज की गई।
•ग्रासिम इंडस्ट्रीज (2.60% लुढ़ककर बंद हुआ।
•हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.12% की कमजोरी रही।
•अदानी एंटरप्राइजेज 1.95% गिरकर बंद हुआ।
गिरावट में भी चमके ये शेयर
कमजोर बाजार के बावजूद कुछ प्रमुख शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। आयशर मोटर्स 1.34% की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, बीएसई, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, आईटीसी, ओएनजीसी और नेस्ले इंडिया भी हरे निशान में बंद हुए और बाजार को संभालने में मदद की।

