कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। एक्ट्रेस की अगली फिल्म ‘स्केरी पिक्चर’ का आधिकारिक ऐलान हो गया है। इस फिल्म के जरिए कंगना लंबे समय बाद हॉरर जॉनर में नजर आएंगी। फिल्म को राणा दग्गुबाती प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन तेलुगु सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर रवि बाबू करेंगे। खास बात यह है कि रवि बाबू इस प्रोजेक्ट के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। अपनी अलग और लीक से हटकर कहानी कहने की शैली के लिए पहचाने जाने वाले रवि बाबू की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। ‘हॉररकॉन इंडिया 2026’ में हुई घोषणा के बाद शुक्रवार, 13 नवंबर को सुरेश प्रोडक्शन्स ने फिल्म का आधिकारिक ऐलान किया। इसके बाद कंगना रनौत की प्रतिक्रिया भी चर्चा में आ गई है।
कंगना रनौत की हॉरर फिल्म का आधिकारिक ऐलान
राणा दग्गुबाती ने शुक्रवार, 13 नवंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ‘स्केरी पिक्चर’ (Scary Picture) का ऑफिशियल अनाउंसमेंट किया। फिल्म में कंगना रनौत लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म की घोषणा करते हुए राणा ने लिखा, “एक नया डरावना अनुभव सामने आने वाला है। डॉ. डी. रामानायडू पेश करते हैं ‘स्केरी पिक्चर’, जिसमें कंगना रनौत हैं। यह ‘फ्लाइंग फ्रॉग्स प्रोडक्शन’ की फिल्म है।” मेकर्स ने यह भी संकेत दिया है कि फिल्म 2027 में रिलीज हो सकती है। वहीं, कंगना रनौत ने भी अनाउंसमेंट पोस्ट को रीशेयर करते हुए फिल्म को लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “डरी हुई हूं, लेकिन उत्साहित भी हूं।”
हॉररकॉन इंडिया 2026 में ‘स्केरी पिक्चर’ का हुआ था ऐलान
इस फिल्म का पहला संकेत इसी महीने की शुरुआत में मिला था, जब राणा दग्गुबाती ने ‘हॉररकॉन इंडिया 2026’ के मंच से अपने इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया था। इसी दौरान फिल्म के टाइटल ‘स्केरी पिक्चर’ से भी पर्दा उठा। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में राणा स्टेज पर नजर आए, जबकि उनके पीछे लगी बड़ी स्क्रीन पर फिल्म की झलक दिखाई गई थी। इसके बाद कंगना रनौत ने भी राणा का एक वीडियो रीपोस्ट किया था, जिसमें वह फिल्म को लेकर बात करते नजर आए। इस पोस्ट के बाद फिल्म में कंगना की मौजूदगी की पुष्टि हो गई थी, हालांकि उस समय राणा के प्रोडक्शन हाउस की ओर से फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।
स्केरी पिक्चर’ के साथ रवि बाबू हिंदी सिनेमा में कदम रख रहे हैं
‘हॉररकॉन’ के दौरान राणा दग्गुबाती ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कई अहम जानकारियां साझा की थीं। उन्होंने बताया कि ‘स्केरी पिक्चर’ एक हॉरर फिल्म है, जिसका निर्देशन उनके करीबी दोस्त और फिल्ममेकर रवि बाबू कर रहे हैं। राणा के मुताबिक, रवि बाबू तेलुगु सिनेमा में कई हॉरर फिल्में बना चुके हैं, लेकिन यह हिंदी सिनेमा में उनकी पहली फीचर फिल्म होगी। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के टाइटल का आधिकारिक ऐलान पहली बार इसी मंच से किया गया है। इससे पहले इस प्रोजेक्ट को लेकर हिंदी मीडिया के सामने कोई जानकारी साझा नहीं की गई थी।
कंगना रनौत की अपकमिंग फिल्में
कंगना रनौत इससे पहले ‘राज 2’ और ‘चंद्रमुखी 2’ जैसी हॉरर फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं। अब ‘स्केरी पिक्चर’ के जरिए एक बार फिर वह डरावने अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। वहीं, कंगना के हालिया प्रोजेक्ट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार ‘भारत भाग्य विधाता’ में देखा गया था, जो जून 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमले की सच्ची घटना से प्रेरित थी और इसकी कहानी मुंबई के कामा और अल्बलेस अस्पताल के इर्द-गिर्द केंद्रित थी, जिसे आतंकियों ने निशाना बनाया था।

