भारत और इंग्लैंड के बीच 14 जुलाई को एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ही बल्ले से खास कमाल नहीं दिखा सके। रोहित ने 11 रन और कोहली ने 5 रन बनाए। हालांकि, खराब प्रदर्शन के बावजूद रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे लंबे समय तक खेलने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस खास सूची में सचिन तेंदुलकर पहले और मोहिंदर अमरनाथ दूसरे स्थान पर हैं।
रोहित का 19 साल 21 दिन का हुए इंटरनेशनल करियर
रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और तब से तीनों फॉर्मेट में कई यादगार पारियां खेली हैं। फिलहाल वह टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। उनका इंटरनेशनल करियर अब 19 साल और 21 दिन का हो चुका है, जिसके साथ उन्होंने लाला अमरनाथ के 19 साल लंबे करियर को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में सचिन तेंदुलकर 24 साल और 1 दिन के करियर के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि मोहिंदर अमरनाथ 19 साल और 310 दिन के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। यदि रोहित शर्मा अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक खेलते हैं, तो उनके इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचने की पूरी संभावना है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे लंबे समय तक खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी
सचिन तेंदुलकर – 24 साल एक दिन
मोहिंदर अमरनाथ – 19 साल 310 दिन
रोहित शर्मा – 19 साल 21 दिन
लाला अमरनाथ – 19 साल
आशीष नेहरा – 18 साल 250 दिन
श्रीनिवास वेंकटराघवन – 18 साल 214 दिन
साल 2016 के बाद सिर्फ दूसरी बार हुआ ऐसा
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया ने 259 रनों का लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि साल 2016 के बाद यह केवल दूसरा मौका है, जब भारत ने 250 या उससे अधिक रनों का सफल पीछा किया और रोहित शर्मा व विराट कोहली दोनों में से कोई भी अर्धशतक नहीं लगा सका। इससे पहले 2022 में ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ 260 रनों का लक्ष्य चेज करते हुए भारत ने जीत हासिल की थी, तब रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने 17-17 रन बनाए थे।
