जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के दिल्ली में जारी अनिश्चितकालीन अनशन को लेकर अब राखी सावंत ने भी उनका समर्थन किया है। सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए राखी ने सोशल मीडिया के जरिए उनसे भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह उनकी मुहिम के साथ हैं, लेकिन उनकी सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है और उन्हें अपनी जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए।
राखी ने क्या कहा?
राखी सावंत ने सोनम वांगचुक से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह अपनी जान को खतरे में न डालें, क्योंकि उनका जीवन बेहद मूल्यवान है। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर उनसे मुलाकात करना चाहती हैं। राखी ने यह भी दावा किया कि वह व्यक्तिगत रूप से सोनम वांगचुक का अनशन खत्म करवाने की कोशिश करेंगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शबाना आजमी समेत कई बड़ी हस्तियों का मिला साथ
सोनम वांगचुक के समर्थन में राखी सावंत से पहले अभिनेत्री शबाना आजमी भी अपनी आवाज उठा चुकी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वांगचुक से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की थी। शबाना ने कहा था कि देश को उनके जैसे ईमानदार और प्रेरणादायक व्यक्तित्व की जरूरत है। उनके मुताबिक, सोनम वांगचुक का संघर्ष और सोच देश के युवाओं व छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
क्यों हो रहा है दिल्ली में यह प्रदर्शन?
सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे हैं, जिसे छात्रों, सामाजिक संगठनों और कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शनकारी नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा प्रभावित छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर संसद सत्र के दौरान एक बड़े शांतिपूर्ण मार्च की भी तैयारी की जा रही है।
