prime minister

62 साल बाद टूटा रिकॉर्ड,पंडित नेहरू से आगे निकले PM मोदी, देश-दुनिया से मिल रही बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के पंडित नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वह देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने NDA के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली थी। इसी के साथ उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी पूरे हो गए हैं।

62 साल बाद टूटा रिकॉर्ड, पंडित नेहरू से आगे नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। अब वो सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश में पहले चुनाव 1952 में हुए थे। पंडित जवाहर लाल नेहरू मई 1952 में पहली बार चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे। उसके बाद वह 27 मई 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। पंडित नेहरू ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4 हजार 398 दिन काम किया लेकिन आज पीएम मोदी देश के पहले पीएम पंडित नेहरू से भी आगे निकल गए हैं।

BJP नेता करेंगे विशेष पूजा अर्चना
इस मौके पर आज देशभर में कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही बीजेपी नेता पीएम मोदी के लिए मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना करेंगे। पीएम मोदी की इस कामयाबी पर दिल्ली के सड़कों पर पीएम मोदी के बड़े बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं।

12 साल पूरे होने पर PM मोदी ने क्या पोस्ट किया?
अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा है,”जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है। सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥”

देश-दुनिया से मिल रही बधाई
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा, ”माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।”

लोकसभा अध्यक्ष ने पीएम को लिखी चिट्ठी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, ”आज जब आप प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर रहे हैं, तब स्वाभाविक रूप से यह उस प्रभाव का मूल्यांकन करने का भी अवसर है जो इस अवधि ने भारत की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं, विकास की दिशा और राष्ट्रीय मानस पर छोड़ा है। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं एवं चुनौतियों के दौर में सशक्त और स्थिर राष्ट्रीय नेतृत्व के महत्व को किसी भी प्रकार से कम करके नहीं आंका जा सकता। इतिहास में कुछ उपलब्धियाँ आँकड़ों से बड़ी होती हैं, वे एक युग की पहचान बन जाती हैं। मुझे विश्वास है कि यह अवसर भी भारतीय लोकतंत्र के ऐसे ही महत्वपूर्ण पड़ावों में स्मरण किया जाएगा।”

PM मोदी की उपलब्धि पर मलेशिया के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल से बधाई दी है। उन्होंने X पर लिखा, “भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके वर्षों की समर्पित जनसेवा और भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व का प्रमाण है। मलेशिया भारत के साथ अपनी करीबी और पुरानी दोस्ती को महत्व देता है और मैं द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने व हमारे लोगों के लिए अवसर बढ़ाने में हमारे सहयोग को जारी रखने के लिए उत्सुक हूं। मैं पीएम मोदी की निरंतर सफलता और भारत के लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।”

CM योगी दी बधाई
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा है, 145 करोड़ भारत वासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देश वासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

आगे उन्होंने लिखा है, ”इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देश वासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है। राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।”

13 साल CM, फिर बने PM
नरेंद्र मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और लगभग 13 वर्षों तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2014 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव जीतकर पहली बार प्रधानमंत्री बने। 2019 और 2024 में भी उन्होंने लगातार चुनावी जीत हासिल की और प्रधानमंत्री पद पर बने रहे। मोदी सरकार के 12 वर्षों के दौरान कई बड़े राजनीतिक और नीतिगत फैसले लिए गए। इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, डिजिटल भुगतान व्यवस्था का विस्तार, बुनियादी ढांचे का विकास और आत्मनिर्भर भारत अभियान आदि प्रमुख रहे हैं।

PM मोदी को मिले 31 देश के सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी को अब तक 31 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है। सबसे पहले उन्हें 3 अप्रैल 2016 को सऊदी अरब ने ‘ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज’ सम्मान से नवाजा था। फिर इसी साल मई में नॉर्वे के दौरे के दौरान पीएम मोदी को वहां के राजा ने हेराल्ड पंचम ने ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया था। इसके अलावा साल 2016 में संयुक्त राष्ट्र से यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ अवॉर्ड भी मिल चुका है। पीएम मोदी ने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, समेत दुनिया के 15 देशों की संसद को संबोधित किया है।

साधारण परिवार से देश के सर्वोच्च पद तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भारतीय राजनीति की सबसे चर्चित यात्राओं में गिना जाता है। उनका जन्म एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे और परिवार आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों में जीवन व्यतीत करता था। राजनीति में आने से पहले मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में लंबे समय तक काम किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं और बाद में भारतीय जनता पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिकाएं संभालीं।

कैबिनेट मीटिंग में PM मोदी का सम्मान
आज पीएम मोदी की अध्यक्षता में होगी केंद्रीय कैबिनेट की भी अहम बैठक होगी। कई मुद्दों के साथ बैठक में सरकार के 12 साल पूरे होने पर भी चर्चा होगी। कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी का किया जाएगा सम्मान किया जाएगा।

भारत मंडपम में NDA की बड़ी बैठक
केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आज NDA की एक बड़ी बैठक होने जा रही है। दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली इस बैठक में NDA के सभी प्रमुख सहयोगी दल शामिल होंगे। बैठक में 22 NDA शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों और गठबंधन के प्रमुख नेताओं की भी मौजूदगी रहेगी। बताया जा रहा है कि करीब 35 सहयोगी दलों के 75 से ज्यादा वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सरकार की उपलब्धियों को लेकर विशेष चर्चा होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1