नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। हालांकि 24 जुलाई को रिलीज होने वाला इसका ट्रेलर आखिरी समय में टाल दिया गया, जिससे फैंस थोड़े निराश जरूर हुए। इसके बावजूद नई दिल्ली के भारत मंडपम और सैन डिएगो कॉमिक कॉन 2026 में चुनिंदा लोगों को ट्रेलर दिखाया गया, जिसे शानदार प्रतिक्रिया मिली। इसी बीच
कॉमिक कॉन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ‘रामायण’ के मेकर्स ने इवेंट में मौजूद लोगों को श्रीराम की कलाकृति से सजे सुनहरे शंख गिफ्ट किए।
रामायण’ के मेकर्स ने बांटे सुनहरे शंख?
वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि ‘रामायण’ के स्पेशल प्रीव्यू इवेंट में शामिल मेहमानों को एक खास गिफ्ट दिया गया। वीडियो में दिखाई दे रहे गुलाबी बॉक्स के अंदर मुलायम कपड़े में रखा सुनहरा शंख नजर आता है, जिस पर भगवान श्रीराम की आकर्षक कलाकृति और ‘रामायण’ से प्रेरित बारीक नक्काशी की गई है। वीडियो में एक महिला बताती है कि उसे इस विशेष प्रीव्यू के लिए आमंत्रित किया गया था, जहां उसे यह यादगार उपहार भेंट किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ गिफ्ट
वायरल वीडियो में एक महिला ‘रामायण’ के स्पेशल प्रीव्यू इवेंट में मिले उपहार की झलक दिखाते हुए बताती है कि उसे कमल की डिजाइन वाले एक खूबसूरत गुलाबी बॉक्स में सुनहरा शंख मिला। महिला के अनुसार, शंख भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और नई शुरुआत का प्रतीक है। उसने शंख पर की गई बारीक नक्काशी और आकर्षक कारीगरी की भी जमकर तारीफ की। साथ ही, इस खास तोहफे के लिए प्राइम फोकस के CEO नमित मल्होत्रा का आभार व्यक्त किया।
‘रामायण’ के बारे में
नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, अनुपम खेर और कुणाल कपूर समेत कई सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दो भागों में तैयार की जा रही इस फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं, 24 जुलाई को रिलीज होने वाला फिल्म का ट्रेलर अंतिम समय में टाल दिया गया, जिसकी जानकारी निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी।

