Queen 2 Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘क्वीन 2’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इससे पहले वह फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी। हालांकि, दमदार एक्टिंग के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
अब कंगना अपनी अगली फिल्म ‘क्वीन 2’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने की तैयारी में हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए जानकारी दी थी कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। लेकिन रिलीज से पहले ही ‘क्वीन 2’ मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म एक नए विवाद में फंस गई है, जिससे मेकर्स की चिंताएं बढ़ गई हैं।
विवादों में फंस गई क्वीन 2
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘क्वीन 2’ को लेकर कानूनी विवाद गहरा गया है। बताया जा रहा है कि फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख करते हुए 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दर्ज कराया है। कंपनी का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना ‘क्वीन’ के सीक्वल पर काम किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि फैंटम स्टूडियोज ने इस मुद्दे को अदालत तक ले जाने से पहले बातचीत के जरिए सुलझाने की कई कोशिशें की थीं, लेकिन जियोस्टार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कंपनी ने कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया।
वहीं, ‘क्वीन 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है। रिपोर्ट के मुताबिक, फैंटम स्टूडियोज के पास मूल फिल्म ‘क्वीन’ के 50 फीसदी अधिकार हैं, जिनमें सीक्वल बनाने का अधिकार भी शामिल है। कंपनी का कहना है कि उसने अब तक किसी भी सीक्वल, रीमेक या स्पिन-ऑफ प्रोजेक्ट को मंजूरी नहीं दी है।
क्वीन को लोगों ने दिया था प्यार
बता दें कि कंगना रनौत की सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ का निर्माण फैंटम फिल्म्स ने किया था। इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और यह कंगना के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बन गई। साल 2013 में रिलीज हुई ‘क्वीन’ की कहानी रानी नाम की एक युवती के इर्द-गिर्द बुनी गई थी, जिसे शादी से ठीक पहले उसका मंगेतर छोड़ देता है। इस मुश्किल दौर के बावजूद रानी हार नहीं मानती और अकेले ही अपने हनीमून ट्रिप पर निकल पड़ती है।
फिल्म की प्रेरणादायक कहानी और कंगना की शानदार अदाकारी ने इसे दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई थी। अब ‘क्वीन’ की सफलता के बाद फैंस की निगाहें इसके सीक्वल ‘क्वीन 2’ पर टिकी हुई हैं और सभी इस फिल्म से जुड़ी नई अपडेट्स का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
