PM नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) शनिवार को जवानों के बीच दिवाली (Diwali) मनाने के लिए राजस्थान के जैसलमेर बॉर्डर पर लोंगेवाला पोस्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जवानों को संबोधित किया और कहा कि आज भारत आतंक के आकाओं को घर में घुसकर मारता है। PM मोदी ने अपने संबोधन में पाकिस्तान और चीन (Pakistan and China) का नाम लिए बिना पड़ोसी देशों को कड़ा संदेश दिया।
जवानों को संबोधित करते हुए PM मोदी (PM Modi) ने कहा, ‘जब भी जरूरत पड़ी है, भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उसके पास ताकत भी है और सही जवाब देने की राजनीतिक इच्छाशक्ति भी है। आज भारत आतंक के आकाओं को घर में घुसकर मारता है, आज दुनिया ये समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है।’
PM ने कहा, ‘आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान है। विस्तारवाद, एक तरह से मानसिक विकृति है और अठ्ठारहवीं शताब्दी की सोच को दर्शाती है। इस सोच के खिलाफ भी भारत प्रखर आवाज बन रहा है। आज भारत की सैन्य शक्ति के सामने चाहे कोई भी आ जाए वह टिक नहीं पाएगा। दुनिया की कोई ताकत हमारे सैनिकों को रोक नहीं सकती।’
PM मोदी ने अपने संबोधन में नाम लिए बिना चीन और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा, ‘आज भारत की रणनीति साफ है और स्पष्ट है। आज का भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास करता है, लेकिन अगर कोई हमें आजमाने की कोशिश करेगा तो उसे जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलेगा।’
PM ने कहा, ‘इतिहास बताता है कि केवल वहीं राष्ट्र सुरक्षित रहे हैं, जिनके अंदर मुकाबला करने की शक्ति थी। दुनिया के समीकरण कितने भी बदल गए हों, लेकिन सतर्कता ही सुख चैन का संबल है और सक्षमता से ही शांति है। भारत सुरक्षित हैं, क्योंकि भारत के पास शक्ति है और जवाब देने की राजनैतिक इच्छाशक्ति भी।’
PM मोदी ने जवानों से कहा, ‘देश की सरहद पर अगर किसी एक पोस्ट का नाम देश के सबसे ज्यादा लोगों को याद होगा, अनेक पीढ़ियों को याद होगा। उस पोस्ट का नाम लोंगेवाला पोस्ट है। लोंगेवाला में जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था और बैटल ऑफ लोंगेवाला याद रहेगा। भारत की शक्ति के सामने कोई भी टिक नहीं सकता।’