UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-UAE रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। ऊर्जा, रक्षा, टेक्नोलॉजी, निवेश और स्वास्थ्य समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए तरीकों पर भी विचार हुआ।
PM मोदी ने UAE के राष्ट्रपति के प्रति जताया आभार
पीएम मोदी ने बातचीत के बाद X पर पोस्ट कर UAE राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा व स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचार साझा किए।
ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता की दी बधाई
PMO के अनुसार, UAE राष्ट्रपति ने भारत की सफल BRICS अध्यक्षता के लिए पीएम मोदी को बधाई दी। वहीं, पीएम मोदी ने BRICS समिट में क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी और भारत की अध्यक्षता के दौरान UAE के सहयोग की सराहना की।
क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर हुई बात
बातचीत के दौरान पीएम मोदी और UAE राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पश्चिम एशिया के मौजूदा घटनाक्रम पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए आगे भी सहयोग और समन्वय जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मिडिल-ईस्ट में तनाव के बीच आई फोन कॉल
UAE राष्ट्रपति का PM मोदी को फोन ऐसे समय आया है, जब मिडिल-ईस्ट में तनाव बढ़ा हुआ है। होर्मुज के बाद अब बाब अल-मन्दब स्ट्रेट पर भी संकट गहराया है। यमन में हूती विद्रोहियों की बढ़त और रणनीतिक मायून द्वीप पर कब्जे से इस अहम समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। बाब अल-मन्दब से वैश्विक व्यापार का करीब 12% गुजरता है।

