प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित कर रहे हैं। ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम मार्वल स्टेडियम में हो रहा है। इस कार्यक्रम में 30 हजार से ज्यादा भारतीय मूल के लोग शामिल हैं। पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कई अहम समझौते किए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वह 12 साल में तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। यह दिखाता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते किस ऊंचाई पर हैं। इस बीच लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए तो उन्होंने कहा कि इसमें मोदी की नहीं, भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों की जीत है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “कहा जाता है कि मेलबर्न शहर एक ही दिन में चारों मौसमों की झलक दिखाता है। लेकिन, इंडियन कम्युनिटी ने अपने कल्चरल रंगों से इसे और भी वाइब्रेंट बना दिया है। यहां मेलबर्न और आस-पास के इलाकों में, कई जगहें और मार्केट हैं जो भारतीयता की भावना से ओतप्रोत हैं। कोई उन्हें ‘लिटिल इंडिया’ कहता है, तो कोई उन्हें ‘मिनी इंडिया’। नाम कुछ भी हो, वे भारतीय कल्चर से भरे हुए हैं। किसी ने मुझे ऐसे ही एक मार्केट का वीडियो दिखाया। वीडियो में बताया गया था कि वहां लगातार सेल चलती रहती है। लोग इन सेल के उत्साह में पूरी तरह बह जाते हैं। भले ही किसी का शॉपिंग करने का मूड न हो, फिर भी वे कुछ न कुछ खरीद ही लेते हैं। ‘सेल के चक्कर में लोग घनचक्कर बन जाते हैं।”
पीएम मोदी से पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा, “यहां हम जो एनर्जी महसूस करते हैं, वह ऑस्ट्रेलिया-इंडिया पार्टनरशिप को बताती है। यह उत्साह दोनों देश के लोगों में सकारात्मकता और उम्मीद जगाता है।” पीएम मोदी और एंथनी अल्बानीज ने कार्यक्रम से पहले भारतीय समुदाय के नेताओं से भी मुलाकात की।

