केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समन जारी कर 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। इस मामले में इससे पहले केरल हाईकोर्ट ने पिनराई विजयन और उनकी बेटी वीणा विजयन के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश राज्य पुलिस को दिया था। मामले में ED की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।
विजयन की बेटी वीणा पर हैं गंभीर आरोप
ED ने अगस्त में वीणा विजयन के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। इससे पहले, 27 मई को जांच एजेंसी ने वीणा विजयन और CMRL के प्रमोटर्स से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान ED को वीणा विजयन की हस्तलिखित वित्तीय एंट्रीज मिली थीं। इन दस्तावेजों में कई लोगों के नाम, लेन-देन की रकम और दुबई भेजी गई धनराशि से जुड़ी जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई थी।
मिला करीब 20.05 करोड़ के लेन-देन का हिसाब
ED के अनुसार, जब्त किए गए नोट्स में करीब 3.49 लाख UAE दिरहम (लगभग 85 लाख रुपये) दुबई भेजने और करीब 20.05 करोड़ रुपये के लेन-देन का ब्योरा दर्ज था। जांच एजेंसी ने इन दस्तावेजों को जब्त कर लिया। इसके अलावा, वीणा के डिजिटल डिवाइस से किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जारी सिम कार्ड की तस्वीर भी मिलने की बात कही गई है।
रेड के दौरान कई डिजिटल डिवाइस किए जब्त
ED को संदेह है कि इस सिम कार्ड का इस्तेमाल इंटरनेट कॉलिंग के लिए किया गया था। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। ED का दावा है कि जांच में हवाला के जरिए पैसे भेजने से जुड़े सबूत भी मिले हैं। एजेंसी के मुताबिक, दस्तावेजों में दर्ज लेन-देन की रकम वीणा विजयन की ज्ञात आय से अधिक है और यह CMRL से मिली राशि से अलग है। ED ने स्पष्ट किया है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मामला?
PTI के मुताबिक, ED का आरोप है कि निजी कंपनी CMRL ने 2018-19 के दौरान पिनराई विजयन की बेटी वीणा थैक्कंदियिल की IT कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को कथित तौर पर 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया था। जांच एजेंसी का दावा है कि कंपनी ने CMRL को कोई सेवा दिए बिना यह रकम प्राप्त की थी।

