जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर समेत कई बॉलीवुड स्टारकिड्स के करीबी दोस्त ओरहान अवत्रमणि उर्फ ओरी अक्सर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल होते हैं। हाल ही में ओरी ने ईशा अंबानी के जन्मदिन पर एक AI वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह उनके साथ फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के मशहूर गाने ‘ये लड़का है दीवाना’ पर डांस करते नजर आए थे। अब ओरी अपने हैलोवीन लुक को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, एक हैलोवीन पार्टी में वह फिल्म ‘तुम्बाड’ के खौफनाक किरदार ‘हस्तर’ के गेटअप में पहुंचे। उनका यह डरावना अंदाज इतना अलग था कि उन्हें पहली नजर में पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा है। ओरी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हस्तर’ बने ओरी
हर साल हैलोवीन के मौके पर बॉलीवुड सितारे अपने अनोखे और डरावने कॉस्ट्यूम से सबका ध्यान खींचते हैं। कोई वैम्पायर तो कोई जॉम्बी और जोकर बनकर पार्टी में पहुंचता है। लेकिन इस बार ओरी ने सबसे हटकर अंदाज अपनाया। उन्होंने विदेशी हॉरर किरदारों के बजाय भारतीय सिनेमा के चर्चित खलनायक ‘हस्तर’ का रूप धारण किया। 2018 में रिलीज हुई कल्ट हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के लालची देवता हस्तर के गेटअप में ओरी हैलोवीन पार्टी में पहुंचे। उनका यह लुक काफी डरावना और किरदार से मिलता-जुलता नजर आया। अब सोशल मीडिया पर ओरी के इस अनोखे अवतार की खूब चर्चा हो रही है और उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
लंबे नाखून और हाथ में वुडू गुड़िया
हस्तर का लुक पाने के लिए ओरी ने अपने पूरे शरीर पर लाल रंग लगाया था, जो फिल्म के खौफनाक किरदार की हूबहू याद दिला रहा था। उन्होंने सिर पर ताज, हाथ में वांकी और कमर पर लुंगी पहनकर अपने गेटअप को पूरा किया। वहीं, आंखों के नीचे गहरा काला मेकअप किया, जिससे उनका चेहरा और भी डरावना नजर आ रहा था। इतना ही नहीं, हाथों और पैरों की उंगलियों पर लंबे नाखून भी लगाए थे। जैसे ही ओरी इस अवतार में घर से बाहर निकले, उन्हें देखकर लोग हैरान रह गए। उनके हाथ में एक मोबाइल भी नजर आया, जिस पर वूडू डॉल डिजाइन वाला कवर लगा था। ओरी का यह पूरा गेटअप फिल्म ‘तुम्बाड’ के हस्तर के डरावने अंदाज को बखूबी दर्शा रहा था।
पैप्स के साथ ओरी की बातचीत
ओरी जैसे ही अपने डरावने अवतार में बाहर आए, पैपराजी ने उनसे मजेदार अंदाज में बातचीत शुरू कर दी। ओरी भी अपने चिर-परिचित मस्तीभरे अंदाज में सवालों के जवाब देते नजर आए। इस दौरान उन्होंने पैपराजी से पूछा कि वह मोटे लग रहे हैं या पतले? इस पर एक पैपराजी ने मजाक में कहा, ‘आप मीडियम दिख रहे हैं… मीडियम हॉरर।’ यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। इसके बाद ओरी ने कैमरे की ओर देखते हुए फिल्म ‘तुम्बाड’ का मशहूर डायलॉग, ‘सो जाओ, वरना हस्तर आ जाएगा’ भी दोहराया। उनका यह मजेदार अंदाज और डरावना लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस भी ओरी के इस अनोखे हैलोवीन गेटअप की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

