आगरा और मथुरा में एक बार फिर से इंटरनेट सेवा बंद करने का फैसला लिया गया है। बृहस्पतिवार सुबह इंटरनेट सेवा बंद हो गई। दोनों जिलों में 2 दिन तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। आज सुबह 8 बजे से कल शाम 6 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रखते हुए इंटरनेट सेवा बंद किया गया है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की हैं।
सुबह-सुबह मोबाइल पर कंपनियों के मैसेज भी आना शुरू हो गए। अगर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य रहती है तो इसे शुक्रवार की शाम फिर से चालू किया जाएगा।पिछले शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में हिंसा हुई थी। इसे देखते हुए जुमे की नमाज इस बार कड़े पहरे में होगी। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने के बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स बुधवार से बढ़ा दी गई।
एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने इंटरनेट सेवा बंद किए जाने का आदेश जारी किया। इसमें यह भी बताया गया है कि लूप लाइन और लीज लाइन सेवा भी बंद रहेगी। इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की वजह सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलना बताई गई है। फिरोजाबाद जनपद में भी जुमे की नमाज को देखते हुए प्रशासन ने पैनी नजर रखना शुरू कर दिया है। मोबाइल इंटरनेट सेवा को आज व शुक्रवार को बंद रखने का फैसला लिया है।