योग गुरू ने रविवार को देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिये कानून लाये जाने की वकालत करते हुए कहा कि दो बच्चों के बाद पैदा होने वाले बच्चे को मताधिकार, चुनाव लड़ने के अधिकार तथा अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना चाहिए। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में स्वामी रामदेव ने कहा कि जिस तरह से देश की जनसंख्या बढ़ रही है। उसके लिये भारत तैयार नहीं है और किसी भी दशा में भारत की आबादी 150 करोड़ से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की आबादी 125 करोड़ से अधिक हो गयी है और यह नियंत्रित नहीं हो रही है। इस पर सोचना होगा। उन्होंने कहा कि देश में प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं। देश में औद्योगिक विकास और शहरीकरण के कारण खेती की जमीन घट रही है। भूगर्भ जल संकट बढ़ रहा है और कई अन्य प्रकार की समस्यायें पैदा हो रही हैं जिसके कारण जनसंख्या को नियंत्रित करने की जरूरत है।

