तमिलनाडु के मदुरै जिले के तिरुप्परनकुंद्रम में दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने को लेकर जारी विवाद के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार रात से पूरे इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पहाड़ी पर स्थित दीपथून की सुरक्षा के लिए 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, मंगलवार को दीपम उत्सव में शामिल होने की तैयारी कर रहे BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को नजरबंद किया गया है। प्रशासन के आदेश के मुताबिक, 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक सार्वजनिक सभा, रैली और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक रहेगी।
ड्रोन के संचालन पर भी सख्त प्रतिबंध
हालांकि, पारंपरिक पूजा-पाठ, मंदिर के नियमित धार्मिक अनुष्ठान, दरगाह में तय नियमों के तहत प्रवेश और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों से जुड़ी गतिविधियों को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पहाड़ी, मंदिर की सीढ़ियों, गिरिवलम मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, 23 और 24 नवंबर को इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
पहाड़ी और जिले के आसपास का क्षेत्र भी रेड जोन घोषित
मदुरै के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने ड्रोन नियमावली, 2016 के नियम 24 के तहत तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के इलाकों को अस्थायी रूप से ‘रेड जोन’ घोषित किया है। इसके तहत दो दिनों तक ड्रोन और UAV के संचालन पर रोक रहेगी। प्रतिबंध पहाड़ी की चोटी समेत पूरे क्षेत्र, गिरिवलम मार्ग, तिरुप्परनकुंद्रम प्रवेश द्वार से 16 स्तंभों वाले मंडप तक और परिक्रमा मार्ग से पहाड़ी की तलहटी के बीच के इलाकों में लागू रहेगा।
उल्लंघन करने वालों पर की जाएगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों की अनुमति के बिना ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के अंतरिम आदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इसके तहत सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ 70 से अधिक नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें चेहरा पहचानने की तकनीक भी शामिल है।
चोटी पर आम लोगों के प्रवेश, जुलूसों और सभाओं पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित दीपथून पर कार्तिगई दीपम के तहत पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, अदालत ने साफ किया कि दीप केवल अधिकृत लोगों की ओर से ही जलाया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के प्रवेश के साथ जुलूस और किसी भी तरह की सभा पर भी रोक रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्तिगई दीपम उत्सव को देखते हुए तिरुप्परनकुंद्रम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए करीब 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में दक्षिणी जिलों के 12 SP, 8 अतिरिक्त SP और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं। पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी करीब 12 IPS अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है।
प्रशासन की मंशा पर सवाल
दक्षिणी जिलों में तैनात 28 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी सुरक्षा ड्यूटी के लिए मदुरै बुलाया गया है। इनमें एक DCP, 6 अतिरिक्त SP और 21 DSP/ACP शामिल हैं। वहीं, पूर्व राज्यपाल और BJP नेता डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि VCK प्रमुख थोल तिरुमावलवन और अन्य लोगों को प्रदर्शन की अनुमति दी गई, जबकि पारंपरिक दीप जलाने की अपील करने वाले हिंदू नेताओं और BJP पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने इसे तमिलनाडु में राजनीतिक दोहरे मापदंड और धार्मिक आधार पर भेदभाव बताया।

