मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से उज्जैन (ujjain) में शिप्रा नदी उफान पर है। उसका जलस्तर बढ़ रहा है। नदी के आसपास के कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं। नदी पर बने पुल पर पानी आने से उसपर से यातायात रोक दिया गया है। कुछ ऐसा ही हाल राजधानी भोपाल से सटे सीहोर में भी नजर आ रहा है।
पवित्र सावन महीने की शुरुआत हो चुकी है। इससे महाकाल की नगरी उज्जैन (ujjain) में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस एहतियात बरत रही है।
शिप्रा नदी पर बने छोटे पुल के आसपास लोगों का आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
सीहोर जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है। नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।
इंदौर में शिप्रा नदी पर बने छोटे पुल पर बैरिकेड लगाकर पुलिस ने यातायात रोक दिया है। जलस्तर बढ़ने से पुल पर पानी आ गया है।
तवा डैम में पानी बढ़ने से इसके सात दरवाजों को पांच फिट तक खोल दिया गया है। इनसे 1,572 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड की दर से निकाला जा रहा है।