मुख्तार अंसारी की घेराबंदी से कितनी बदलेगी पूर्वांचल की सियासत? जानिए BJP को कितना होगा फायदा

यूपी में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों (UP Assembly Elections) से ऐन पहले माफिया डॉन मुख्तार अंसारी (Mafia Don Mukhtar Ansari) की घेराबंदी के बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। मुख्तार एंड कंपनी का न सिर्फ ज़रायम की दुनिया में नाम है बल्कि सियासी तौर पर ये परिवार बहुत मजबूत रहा ह। मुख्तार खुद विधायक है और भाई अफजाल सांसद। खास बात ये है कि सिर्फ अपनी सीट ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के कई जिलों में मुख्तार परिवार की राजनीतिक हैसियत अच्छी खासी रही है।

योगी सरकार आखिर मुख्तार की इतनी तगड़ी घेराबंदी करके क्या हासिल करना चाहती है? पहला मकसद तो साफ दिखाई दे रहा है। एक माफिया के खिलाफ कार्रवाई लेकिन, दूसरा मकसद थोड़ा धुंधला है। जानकारों का मानना है कि पूर्वांचल के कई जिलों में राजनीतिक समीकरण को सत्ताधारी BJP बदलने की ख्वाहिशमंद है। वैसे तो गोरखपुर से लेकर प्रयागराज तक मुख्तार का असर देखने को मिलता है लेकिन मऊ और गाजीपुर में दबदबा ज्यादा रहा है। तो आईये जानते हैं कि मुख्तार के कमजोर पड़ने से इन जिलों में BJP को क्या फायदा हो सकता है?

मऊ- वैसे तो 2017 के विधानसभा चुनाव में मऊ में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा था। चार में से तीन सीटें पार्टी ने जीती थीं लेकिन, जिले में क्लीन स्वीप की उसकी ख्वाहिश मुख्तार अंसारी की वजह से मटियामेट हो गयी थी। मुख्तार के कमजोर पड़ने से ये सीट BJP की झोली में जा सकती हैं। बता दें कि मुख्तार 2017 में BSP के टिकट से चुनाव जीता था। ऐसे में BSP का कैडर वोट भी उसे मिला। अब यदि किसी पार्टी ने मुख्तार को पनाह नहीं दी तो चुनाव जीतना आसान नहीं होगा।

गाजीपुर- BJP के लिए ये जिला भी बहुत चुनौतीपूर्ण रहा है. 2017 के चुनाव में ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा की वैशाखी के सहारे उसे सात में से महज तीन सीटें मिली थीं। हालात 2017 जैसे ही रहे तो BJP को गाजीपुर में 2022 के चुनाव में लोहे के चने चबाने पड़ेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में इसकी बानगी देखने को मिल चुकी है। जब दिग्गज नेता मनोज सिन्हा को मुख्तार के भाई अफजाल ने हरा दिया था। इस बार तो ओमप्रकाश राजभर भी साथ नहीं हैं। ऐसे में मुख्तार परिवार की कमजोरी और ध्रुवीकरण ही उसकी सबसे बड़ी उम्मीद है। उम्मीद इस बात की कि यदि मुख्तार पर कार्रवाई से मुस्लिम मतदाताओं का और ज्यादा ध्रुवीकरण हुआ तो इसके रिएक्शन में हिंदू मतदाताओं का भी ध्रुवीकरण जोर पकड़ेगा और तब पार्टी लाइन से अलग होकर सभी BJP के खेमे में आने को मजबूर होंगे।

आजमगढ़- इस जिले का तो नाम सुनकर ही BJP नेताओं के माथे पर बल पड़ जाता है। 2017 के नतीजे ही कुछ ऐसे आये थे। जिले की 10 सीटों में से BJP को महज एक ही नसीब हुई थी। इस जिले में मुस्लिम, यादव, पिछड़ों और दलितों की बहुत बड़ी संख्या है। इसीलिए इस जिले में SP और BSP का दबदबा 2017 में भी दिखा था, जब प्रदेश में BJP की आंधी चली थी। BJP को आजमगढ़ में तभी जीत मिल सकती है, जब पार्टी लाइन से अलग होकर लोग वोट करें। वैसे तो मुस्लिम मतदाताओं को छोड़ दिया जाये तो बाकी सभी समुदायों में BJP ने दूसरी सीटों पर जबरदस्त सेंधमारी की थी लेकिन, आजमगढ़ में उसकी सोशल इंजीनीयरिंग फेल हो गयी थी। अब मुख्तार, अतीक और आज़म की ओवर ब्रांडिंग से हालात बदलने की उम्मीद पार्टी के नेता लगा सकते हैं।

भले ही मुख्तार की ओवर ब्रांडिंग हो रही हो लेकिन, सत्ताधारी BJP की योजनाओं से भी राजनीतिक माहौल बदला है और बदल रहा है। शौचालय और आवास योजना का खासा प्रभाव ऐसे मतदाताओं पर भी देखा जा रहा है, जो BJP के वोटर नहीं माने जाते रहे हैं। बता दें कि पूर्वांचल में राजभर वोटरों का बहुत सीटों पर प्रभाव है। इस बार ओम प्रकाश राजभर BJP के साथ नहीं हैं। ऐसे में पार्टी को पूर्वांचल में इसकी भी भरपाई करनी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1