जानिए क्या Corona को हरा पाएगा लॉकडाउन-2 ?

आज बैसाखी है, किताबों में लिखा होता है बैसाखी यानी वो त्योहार जो फसलों के पकने की खुशी का प्रतीक है इसकी असली खुशी उन किसानों के चेहरे पर होती है जिन्होंने पूरा वक्त लगा कर तमाम मुश्किलों का सामना कर फसल को तैयार किया होता है। उनकी उम्मीद PM मोदी से सबसे ज्यादा है। जगह-जगह से खबरें आ रही हैं कि गेंहू और सरसों जैसी फसल तैयार हैं लेकिन कटाई में दिक्कत आ रही है। 14 तारीख को Lockdown-1 खत्म हो रहा है ऐसे में पीएम मोदी से ये उम्मीद बेमानी नहीं है कि अन्नदाता की इस उम्मीद पर वो खरा उतरें।

सुबह दस बजे PM मोदी देश के नाम संबोधन करने वाले हैं। आमतौर पर मुहावरों की भाषा में कहा जाता है कि उन पर पूरे देश की निगाहें होंगी। इस बार ये मुहावरा नहीं है, लोगों के कान, निगाहें उनके एक-एक शब्द पर लगी होगीं. क्या कल Lockdown खत्म करने का ऐलान कर देंगे? क्या बोलेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?

1-लॉकडाउन आगे बढ़ने वाला है

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने PM की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक से निकलते ही ऐलान कर दिया था कि Lockdown आगे बढ़ने वाला है। पंजाब, महाराष्ट्र, बंगाल, तेलंगाना जैसे राज्य पहले ही Lockdown को 30 अप्रैल तक बढ़ा चुके हैं। ऐसे में इस बात में शक नहीं कि PM मोदी भी ऐसा ही एलान देश भर के लिए करने वाले हैं।

दो आंकड़े इस तरफ इशारा करते हैं कि Lockdown तो बढ़कर रहेगा. पहला ICMR की एक आंतरिक स्टडी जो बताती है कि अगर Lockdown और रोकथाम के कदम ना उठते तो 15 अप्रैल तक देश में 8 लाख 20 हजार Corona केस होते। अगर Lockdown ना होता और सिर्फ रोकथाम के कदम उठाए जाते 15 अप्रैल तक देश में Corona केस 1लाख 20 हजार तक पहुंच जाते। ऐसा हुआ नहीं। अब भी Lockdown से पीछे हटे तो शायद अब तक मिले फायदे खत्म हो जाएंगे। इसलिए Lockdown तो लागू होगा लेकिन कुछ नई शर्तों के साथ।

2-जान भी, जहान भी

बड़ी समस्या ये है कि Lockdown से जान तो बचा लेंगे लेकिन रोजगार? बदलती अर्थव्यवस्था में पहले ही झटके लग रहे थे अब ये नया संकट करोड़ों लोगों को बेरोजगार बना देगा। यही वजह है कि PM जान भी, जहान भी के रास्ते आगे बढ़ेंगे।

मतलब ये कि लघु उद्योगों को लॉकइन के सहारे छूट दी जा सकती है। हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर ने संकेत दिया कि कंपनियां मजदूरों के खाने-पीने, सोने रहने और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखे तो काम चलता रहेगा।

फसलों की कटाई के लिए किसानों को खास छूट मिल सकती है। उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने संकेत दिया कि अब तैयारी किसानों की फसल सीधे घर से खरीदने की है। साथ ही निर्माण सेक्टर में बड़े पैमाने पर मजदूर लगे हैं। ऐसे में मजदूरों के हितों में निर्माण के कुछ सेक्टर खोले जा सकेंगे। मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को भी Lockdown से राहत दी जा सकती है।

लेकिन बड़ी समस्या बड़े उद्योगों के लिए है जो बंद पड़े हैं, जिन पर देश की अर्थव्यवस्था भी निर्भर करती है। देखना ये है कि इन उद्योगों के लिए PM मोदी क्या ऐलान करते हैं।

3-सोशल डिस्टेंसिंग का सहारा

कंपनियां बंद हैं और मजदूर परेशान हैं। ऐसे में Lockdown स्थाई नहीं हो सकता। Lockdown को चरणों में खोला जाएगा लेकिन उससे पहले सोशल डिस्टेंसिंग को सरकार बड़ा हथियार बनाने जा रही है जिसका संकेत देश के स्वास्थ्यमंत्री डॉ हर्षवर्धन दे चुके हैं। डॉ हर्षवर्धन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग जीवन का हिस्सा बनने जा रही है। ICMR की रिपोर्ट कहती है कि – एक Corona संक्रमित 30 दिन में 406 लोगों को संक्रमित कर सकता है। यही वजह है कि सरकार अभी चौकन्ना रहना चाहती है। इसलिए पूरी संभावना है कि PM मोदी इसका जिक्र जरूर करेंगे।

4-मास्क बनेगा हथियार

मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पीएम मोदी मुंह पर गमछा रखे हुए नजर आए। अगर देखें तो PM को मास्क उपलब्ध हो सकता था। वीडियो कॉन्फ्रेंस में वो बिना गमछे के भी आ सकते थे। लेकिन PM मोदी ने मुंह पर गमछे का इस्तेमाल एक संदेश देने के लिए किया। ये संदेश उनके संबोधन में भी नजर आ सकता है। दिलचस्प ये कि भारत का मॉस्क के प्रति ये प्यार WHO के निर्देशों से अलग है। WHO कहता रहा है कि मास्क सिर्फ उनके लिए जरूरी है जो बीमार हैं ताकि उनसे संक्रमण दूसरों को ना फैले। लेकिन भारत में राज्य सरकारें पहले ही बिना मास्क पहने घर से निकलने को गैरकानूनी बना चुके हैं। चंडीगढ़ में तो इसे लेकर FIR तक दर्ज हो गई। वजह हैं वो स्टडी जो कहती है कि Corona का वायरस कुछ देर हवा में रह सकता है।

5-जोन में बंटेगा भारत

फिर क्या मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के सहारे लॉकडाउन खुल जाएगा? ऐसा लगता नहीं. सभी सरकारें रेड जोन और ओरेंज जोन की पहचान में लग गई हैं। लेकिन एक तीसरा जोन है ग्रीन जोन। जहां Corona फैला नहीं है। सवाल ये है कि ऐसे इलाकों में क्या काम काज बंद रखा जाए? सरकारों की कोशिश है कि ग्रीन जोन में काम-काज को शर्तों के साथ शुरू किया जाए। नई रणनीति के तहत उन रेड जोन इलाकों की पहचान शुरू हो गई है इऩ इलाकों में कर्फ्यू के सहारे कोरोना से निपटा जाएगा। ओरेंज जोन में निगरानी पर जोर रहेगा। PM मोदी के संबोधन में इसका जिक्र हो सकता है। मतलब ये कि छोटी-छोटी इकाइयां बनाकर हालात की समीक्षा की जाएगी। केसों को देखते हुए तुरंत फैसले लिए जाएंगे। लेकिन इन सबके बीच आर्थिक गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू की जा सकती हैं।

6-आरोग्य सेतु एप पर जोर रहेगा

आरोग्य सेतू एप को सरकार प्रमोट कर रही है। इस ऐप से Corona संक्रमित लोगों के संपर्क में आने का पता लगता है। सूत्रों के मुताबिक आरोग्य सेतु एप ट्रेवल करने के लिए ई-पास की तरह इस्तेमाल हो सकती है। PM मोदी देश के नाम संबोधन में इसका जिक्र कर सकते हैं.

सवाल ये है कि क्या Corona को खत्म किया जा सकता है? मेरा मानना है कि बिना वैक्सीन के तो नहीं। दवाई बनने के बाद भी स्वाइन फ्लू खत्म नहीं हो पाया है। Corona का वायरस अभी दुनिया भर में घूम रहा है और घूमता रहेगा। ऐसे में ये वायरस कभी भी लौट कर आ सकता है। खतरा इस बात का भी है कि कोई दुश्मन इसे हथियार की तरह इस्तेमाल भी कर सकता है।

खतरा ये भी है कि Corona कुछ मरीजों में लौट कर आ रहा है। मतलब जो पहले नेगेटिव थे वो बाद में पॉजिटिव हो गए। ऐसे में सावधानी ही एकमात्र जरिया है जिसके लिए Corona की स्पीड को रोक सकते हैं। मतलब सरकार को इतना वक्त मिलता रहे कि अगर कई संक्रमित निकले तो उसकी चेन की पहचान कर इलाज किया जा सके।

अर्थव्यवस्था को रोककर हम एक मुसीबत को टाल कर दूसरी को आमंत्रण दे रहे हैं। जाहिर है अब Lockdown-2 अर्थव्यवस्था के खुलने का पहला चरण होगा और इसकी झलक प्रधानमंत्री के संबोधन में नजर आ सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1