ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की लखपति दीदी योजना अहम पहल है। इस योजना के जरिए स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें अपना रोजगार या छोटा कारोबार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार ने देशभर में 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा है, यानी उनकी सालाना कमाई को कम से कम ₹1 लाख तक पहुंचाना है।
इस योजना के तहत महिलाओं को अलग-अलग तरह के रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े कामों के लिए जरूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाता है। इसका उद्देश्य केवल आर्थिक मदद उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि महिलाओं को ऐसे कौशल से जोड़ना है, जिनके जरिए वे अपने स्तर पर काम शुरू कर सकें और नियमित आमदनी का जरिया बना सकें।
ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से खेती-किसानी से जुड़े काम, पशुपालन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य छोटे व्यवसायों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकती हैं। इस तरह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें परिवार और समाज में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम करती है।
इन कामों की मिलती है ट्रेनिंग
योजना के तहत महिलाओं को उनकी क्षमता, रुचि और क्षेत्र की जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें सिलाई-कढ़ाई, बुनाई, एलईडी बल्ब बनाने, मशरूम उत्पादन और डेयरी जैसे कार्य शामिल हैं। वहीं, ‘नमो ड्रोन दीदी’ पहल के जरिए महिलाओं को कृषि में ड्रोन के संचालन और उपयोग की जानकारी भी दी जाती है। इससे महिलाएं खेती से जुड़े कामों के अलावा छोटे स्तर पर उत्पादन और सर्विस से जुड़े व्यवसाय शुरू कर अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं।
उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
लखपति दीदी पहल में महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनके बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाता है। स्वयं सहायता समूहों के प्रोडक्ट्स को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और सरकारी मेलों के माध्यम से अधिक लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाती है, जिससे बिक्री के अवसर बढ़ सकें। वहीं, अपना कारोबार शुरू करने या पहले से चल रहे काम का विस्तार करने वाली महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था के जरिए लोन और अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त करने में भी सहयोग मिल सकता है।
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
लखपति दीदी पहल का लाभ मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों में स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को मिलता है। योजना के बारे में जानकारी लेने या इससे जुड़ने के लिए इच्छुक महिलाएं अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या पंचायत कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा, स्वयं सहायता समूह के जरिए रोजगार शुरू करने के लिए बिजनेस प्लान तैयार करने और आगे की प्रक्रिया समझने में भी मदद मिल सकती है।

