UP NEWS

कौशांबी: पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में एक्शन, इंस्पेक्टर और 6 SI सस्पेंड, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में आईजी रेंज प्रयागराज अजय मिश्र ने कार्रवाई की है. इस मामले में एक इंस्पेक्टर और 6 SI को सस्पेंड किया गया है. वहीं कौशांबी एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है. चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल पर भी कार्रवाई हुई है.

बीट आरक्षी जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. पुलिसकर्मियों पर पटाखा फैक्ट्री संचालन की सूचना दर्ज नहीं कराने और लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है.

इस ब्लास्ट कांड के मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद से मुख्य आरोपी नौशाद फरार था. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौशाद चरवा थाना क्षेत्र के तेरामिल के पास से भागने की फिराक में है. सूचना पर एसओजी और पुलिस टीम ने घेराबंदी की.

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख नौशाद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है. घायल नौशाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नौशाद के अलावा उसके भाई शकील, पत्नी कहकशां बानो, शकील की पत्नी शबाना, नौशाद के बेटे आदिल और शकील की बेटी साइना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.

ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत

पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार सुबह करीब 11 बजे पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था. हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है. यहधमाका इतना भीषण था कि आसपास के करीब आधा दर्जन मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि दर्जनभर से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. घटनास्थल पर राहत और बचाव के साथ मलबे में तलाशी का काम भी किया गया.

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

कौशांबी हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं.

सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने उठाए सवाल

वहीं घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले इलाके में प्रशासन की नाक के नीचे अवैध पटाखा फैक्ट्री कैसे चल रही थी, इसकी जांच होनी चाहिए. सपा सांसद ने कहा कि हादसे में कई घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं और 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. उन्होंने लापता सुनील मौर्य का भी जिक्र किया और कहा कि उसके परिजन अब भी उसके शव की तलाश में हैं. पुष्पेंद्र सरोज ने यह भी सवाल उठाया कि फैक्ट्री को चलाने की इजाजत कौन दे रहा था और इस हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मदद और भरोसा देने की मांग की.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1