साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए घरेलू मैदान पर अपने 200 विकेट पूरे कर लिए हैं। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले डेल स्टेन ने 261, मखाया एंटिनी ने 249 और शॉन पोलॉक ने 235 घरेलू टेस्ट विकेट हासिल किए थे। अब रबाडा ने भी इन दिग्गज गेंदबाजों की सूची में जगह बना ली है। गौरतलब है कि रबाडा लंबे अंतराल के बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं।
कगिसो रबाडा ने तोड़ा डेल स्टेन का रिकॉर्ड
कगिसो रबाडा ने घरेलू मैदान पर सबसे कम गेंदों में 200 टेस्ट विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने महज 7,017 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया। स्टेन ने होम ग्राउंड पर 7,751 गेंदों में 200 टेस्ट विकेट पूरे किए थे। रबाडा की इस शानदार उपलब्धि ने टेस्ट क्रिकेट में उनकी काबिलियत और घातक गेंदबाजी का एक बार फिर लोहा मनवाया है।
पहली पारी में साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने बरपाया कहर
गकेरबाह में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले की पहली पारी में कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने निक मैडिंसन और मिचेल स्टार्क को पवेलियन भेजा। वहीं, मार्को यान्सेन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि वियान मुल्डर को 2 सफलताएं मिलीं। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम पहली पारी में महज 99 रन पर सिमट गई।
425 रन बनाकर साउथ अफ्रीका ने घोषित की पारी
साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 9 विकेट पर 425 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 334 गेंदों पर 179 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके अलावा मार्को यान्सेन ने 85 और साइमन हार्मर ने 82 रनों का अहम योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी महज 99 रनों पर सिमटने के बाद साउथ अफ्रीका को 326 रनों की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद अफ्रीकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन देने का फैसला किया।

