बिहार में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को लेकर यह बड़ी खबर है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के NDA में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा के साथ अब इसे लेकर कयासों पर विराम लग गया है। ‘हम’ के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा है कि उनकी पार्टी 3 सितंबर को NDA में शामिल हो जाएगी। NDA में अब भारतीय जनता पार्टी , जनता दल यूनाइटेड व लोक जनशक्ति पार्टी के साथ हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की एंट्री बतौर चौथी पार्टी होगी।
‘हम’ के राष्ट्रीय प्रवकता दानिश रिजवान ने कहा है कि उनकी पार्टी तीन सितंबर को NDA में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘हम’ के NDA में शामिल होने के पीछे कोई शर्त नहीं है। पार्टी बिहार के विकास के लिए NDA में शामिल हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर कोई बात नहीं की है। सब समय आने पर तय कर लिया जाएगा।
जीतनराम मांझी के महागठबंधन छोड़ने के बाद से ही उनकी पार्टी के जेडीयू में विलय या एनडीए में शामिल होने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। इस बीच उन्होंने जेडीयू सुप्रीमों व मुख्यमंत्री Nitish Kumar से मुलाकात भी की थी। बताया जाता है कि नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान विधानसभा चुनाव में ‘हम’ को मिलने वाली सीटों पर चर्चा हुई थी। NDA में उनका शामिल होना भी तय हो गया था। हालांकि, इसकी घोषणा नहीं की गई थी।
बीती रात पार्टी के वरीय नेताओं के साथ बैठक में जीतनराम मांझी ने NDA में शामिल होने के फैसले पर मुहर लगा दी। अब 3 सितंबर को जीतनराम मांझी इसका औपचारिक ऐलान कर देंगे। बताया जाता है कि मांझी के NDA में शामिल होने के दौरान BJP के नेता भी उपसिथत रहेंगे। मांझी नहीं चाहते कि उनपर केवल JDU के सहयोग से गठबंधन में आने की बात को बल मिले।