Israel US Iran War: ईरान के सेना प्रमुख मेजर जनरल हातमी ने राष्ट्रीय सेना दिवस के अवसर पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, चौकस निगाहों, मजबूत इरादे और बंदूक की नोक पर हाथ रखे, हम दुश्मनों से किसी भी खतरे या आक्रमण का सामना करने के लिए तैयार हैं, और हम अपनी प्रतिज्ञा पर अंतिम सांस तक कायम रहेंगे। ईरान के सरकारी प्रेस टीवी ने हतामी के इस बयान को एक्स पर शेयर किया है।
ईरान के आर्मी चीफ अमीर हतामी ने दावा किया है कि तेहरान पर हाल ही में हुए अमेरिकी हमले के दौरान ईरानी सेना ने इस्फ़हान में अमेरिकी सैनिकों पर घात लगाकर हमला किया और एक सी-130 विमान को पहले ही शॉट में मार गिराया था। उन्होंने कहा कि इससे ईरान आर्मी की ताकत को समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहली ही गोली में अमेरिका विमान नीचे आ गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक और बड़ा झटका लगा है। इटली के बाद अब ऑस्ट्रेलिया ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप के अनुरोध को ठुकरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने होर्मुज खुलवाने के लिए अपनी सेना भेजने से मना कर दिया है। इससे पहले इटली, फ्रांस, जर्मनी समेत अन्य देश भी ट्रंप के अनुरोध से किनारा कर चुके हैं।
ईरान युद्ध पर ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा-मैंने ईरान की 158 जहाजों को समुद्र की तलहटी में डुबो दिया, क्योंकि मुझे गुस्सा आ गया था। उन्होंने कहा कि हम इनका इस्तेमाल कर सकते थे, लेकिन हमें गुस्सा आ गया था।
इजरायल और लेबनान में सीजफायर की घोषणा के बाद हिजबुल्लाह को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने कहा-मुझे उम्मीद है कि हिजबुल्लाह अब अच्छा व्यवहार करेगा। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे उम्मीद है कि हिज़्बुल्लाह इस महत्वपूर्ण समय में अच्छा व्यवहार करेगा। अगर वे ऐसा करते हैं तो यह उनके लिए एक बहुत बड़ा क्षण होगा। अब और हत्याएं नहीं। आखिरकार शांति होनी चाहिए! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।” ट्रंप के इस पोस्ट को ह्वाइट हाउस ने शेयर किया है।
ईरान के उप विदेश मंत्री का बड़ा बयान
ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि तेहरान किसी भी अस्थायी सीजफायर को नहीं मानता है और पूरे इलाके में जंग को पूरी तरह खत्म करने की मांग कर रहा है। अंताल्या डिप्लोमेसी फोरम के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सईद खतीबजादेह ने कहा कि किसी भी सीजफायर में लेबनान से लेकर लाल सागर तक, के सभी संघर्ष वाले इलाके शामिल होने चाहिए, उन्होंने इसे ईरान के लिए एक ‘रेड लाइन’ बताया। उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर इस इलाके में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनके कामों का दुनिया भर के व्यापार और बड़ी अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है।
ईरान में पिछले 48 घंटों के भीतर कथित तौर पर चार चीनी मालवाहक विमानों ने अपने ट्रांसपोंडर बंद कर दिए और ईरान में उतरे। दावा किया जा रहा है कि ये विमान हथियार और गोला-बारूद ले जा रहे थे। ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही ये विमान बीच रास्ते में ही गायब हो गए। यह घटना शी जिनपिंग द्वारा ट्रंप को चीन द्वारा ईरान को हथियार न भेजने का आश्वासन देने के कुछ ही दिनों बाद घटी है। विमानों में क्या था, इस बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तान ने अमेरिका-ईरान वार्ता के अगले दौर की तैयारी शुरू की
पाकिस्तान ने अगले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी की तैयारी शुरू कर दी है। इस वार्ता का उद्देश्य पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक ऐतिहासिक शांति समझौता करना है, जिसने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अमेरिका और ईरान ने सप्ताहांत में पाकिस्तान में संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से दुर्लभ प्रत्यक्ष वार्ता की, लेकिन रविवार तड़के बिना किसी समझौते के वार्ता समाप्त हो गई।
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध विराम का किया स्वागत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजरायल-हिजबुल्लाह में हुए 10 दिनों के युद्ध विराम का स्वागत किया है। मैक्रों ने कहा कि हिजबुल्लाह को अपने हथियार डालने चाहिए और इजरायल को लेबनान की संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करना चाहिए।
इजरायल-हिजबुल्लाह में सीजफायर के बाद लेबनानी लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। वह युद्ध भयानक होने के बाद सुरक्षित ठिकानों की ओर चले गए थे। सीजफायर के बाद बेरूत में हिजबुल्लाह का झंडा फहरा रहा है।
युद्धविराम लागू होने के कुछ घंटे बाद लेबनानी लोग इज़रायल द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए क़ास्मियेह पुल के मलबे को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। लेबनान और इज़राइल के बीच हुए 10 दिनों का युद्धविराम का समझौता गुरुवार को लागू हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वे दोनों देशों के नेताओं के बीच पहली बार सीधे बैठक कराने की कोशिश कर रहे हैं।
ईरान के संसद अध्यक्ष गालिबाफ ने कहा है कि लेबनान में युद्धविराम हिज़्बुल्लाह की दृढ़ता और प्रतिरोध की धुरी की एकता का ही परिणाम है; हम इस युद्धविराम को सावधानी से निभाएंगे और पूर्ण विजय प्राप्त होने तक एकजुट रहेंगे।

