इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (#Benjamin Netanyahu) ने अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी बेनी गांज (#Benny Gantz) के साथ गठबंधन सरकार बनाने के मुद्दे पर उनसे बात की। नेतन्याहू ने तीसरे चुनाव की संभावना को टालने के लिए ऐसा किया है जहां दूसरी बार हुए मतदान में स्पष्ट रूप से किसी को बहुमत नहीं मिला है। सबसे पहले अप्रैल में चुनाव हुआ था जिसमें सरकार बनाने के लिए कोई गठजोड़ नहीं बना पाने के बाद 69 वर्षीय नेतन्याहू ने दूसरे चुनाव की घोषणा की थी। देश में पांच महीने के अंदर दूसरी बार हुए चुनाव की करीब 95 प्रतिशत मतगणना बृहस्पतिवार तक हुई, जिसमें गांज की ब्लू एंड व्हाइट पार्टी (#Blue & White Party) को इस्राइल की 120 सीटों वाली संसद में 33 सीटें प्राप्त हुई हैं। नेतन्याहू की लिकुद पार्टी (#Likud Party) को 32 सीटें मिली हैं।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘चुनाव में, मैंने एक दक्षिणपंथी सरकार के गठन का आह्वान किया था, लेकिन दुख की बात है कि चुनाव परिणाम दिखाते हैं कि यह संभव नहीं है।” उन्होंने यह कहते हुए संकेत दिया कि इस्राइल वासियों ने किसी भी एक गुट को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया। नेतन्याहू ने कहा, ‘‘अब कोई और विकल्प नहीं है और केवल एक व्यापक गठबंधन सरकार बन सकती है।”
उन्होंने कहा, ‘‘बेनी गांज, मैं आपसे मिलता हूं। आज एक व्यापक गठबंधन सरकार बनाने की जिम्मेदारी हम पर है। देश हमसे, हम दोनों से मिलकर काम करने की उम्मीद करता है, आज मिलते हैं। किसी भी समय मिल सकते हैं। ताकि यह प्रक्रिया शुरू हो सके जिसकी हमसे इस बार अपेक्षा है।”
