राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवा अराजक तत्वों के बहकावे में आकर इन आंदोलनों में शामिल हो रहे हैं। इंद्रेश कुमार ने प्रदर्शनों के लिए मिलने वाले फंड पर भी सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि कहीं भारत में बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने की कोशिश तो नहीं की जा रही है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि इन प्रदर्शनों में लोगों की भागीदारी लगातार कम हो रही है।
पुराने मुद्दे छोड़कर नए मुद्दों को पकड़ रहे प्रदर्शनकारी’
इंद्रेश कुमार ने आरोप लगाया कि ये प्रदर्शन किसी एक मुद्दे पर टिके रहने के बजाय पुराने विषयों को पीछे छोड़कर नए मुद्दे उठाने में जुटे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि क्या भारत में भी बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बांग्लादेश का जिक्र करते हुए वहां अराजकता, अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचार, सूफी परंपरा के अनुयायियों की हत्या और आम लोगों के विस्थापन जैसी घटनाओं का हवाला दिया।
इंद्रेश ने तिरंगे के इस्तेमाल पर विपक्षी दलों को घेरा
CJP के अभियानों में तिरंगे के इस्तेमाल को लेकर RSS नेता इंद्रेश कुमार ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राष्ट्रीय ध्वज के जरिए लोगों को बांटने की कोशिश कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पहले ही करोड़ों परिवारों तक अपनी पहुंच बना चुका है।
कुछ लोग तिरंगे का इस्तेमाल बांटने के लिए कर रहे
इंद्रेश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी, 15 अगस्त और 2 अक्टूबर जैसे खास मौकों पर चलाए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने करोड़ों परिवारों में तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया है। उनके मुताबिक, राष्ट्रीय ध्वज देशवासियों को एकजुट करने का प्रतीक है, लेकिन कुछ लोग इसके जरिए समाज में मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशों से कोई फायदा नहीं होने वाला है।
भारत लोकतंत्र और सभी धर्मों के सम्मान के रास्ते पर चलता है’
अल्बानिया और फ्रांस जैसे देशों से भारत की तुलना करने वाले विपक्षी नेताओं के बयानों पर इंद्रेश कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत पहले भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत आगे बढ़ा है और भविष्य में भी इसी राह पर चलता रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत सभी धर्मों का सम्मान करने वाला देश है और इस बात को दुनियाभर में स्वीकार किया जाता है।
भारत को दूसरे देशों से सीखने की जरूरत नहीं है, बल्कि…’
इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत को दूसरे देशों से सीखने की जरूरत नहीं है, बल्कि दुनिया भारत से प्रेरणा ले रही है। उन्होंने दावा किया कि भारत युद्ध रोकने और वैश्विक अराजकता पर काबू पाने के प्रयास कर रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का भी जिक्र किया।
युवाओं को लेकर क्या बोले RSS नेता?
युवाओं की भूमिका पर बात करते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि देश के युवा पहले भी सही दिशा में थे और आगे भी रहेंगे। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवाओं को अराजक तत्वों ने गुमराह किया है और विदेशी फंडिंग के चलते वे भटक गए हैं। उन्होंने ऐसे युवाओं से गलत रास्ता छोड़कर सही दिशा में लौटने की अपील की। वहीं, CJP को विपक्षी दलों का समर्थन मिल रहा है। हाल ही में पार्टी नेता अभिजीत दिपके ने समर्थन देने के लिए शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे का आभार जताया था।

