शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी बनी रही। आईटी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में जोरदार खरीदारी से घरेलू बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। कारोबार के आखिरी घंटों में निफ्टी 50 ने 23,000 का अहम आंकड़ा पार कर लिया, जबकि सेंसेक्स में 308 अंकों से अधिक की मजबूती दर्ज की गई। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली के चलते बाजार की कुल बढ़त पर कुछ दबाव देखने को मिला।
कारोबार समाप्त होने पर बीएसई सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,459.53 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 116.35 अंकों यानी 0.51 प्रतिशत की तेजी आई और यह 23,053.10 के स्तर पर बंद हुआ। बड़े शेयरों में खरीदारी के बावजूद व्यापक बाजार में कमजोरी हावी रही। शुक्रवार को कुल 1,311 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,862 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 170 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
आईटी और फार्मा सेक्टर्स में तूफानी तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो शुक्रवार को आईटी और फार्मा शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। आईटी सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स 2.32 प्रतिशत की उछाल के साथ 32,606.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, फार्मा इंडेक्स में भी 1.55 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा। गिरावट वाले सेक्टर्स में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.78 प्रतिशत, मीडिया 1.46 प्रतिशत, पीएसयू बैंक 0.93 प्रतिशत और एनर्जी सेक्टर में 1 प्रतिशत से अधिक की कमजोरी रही। इसके अलावा ऑटो इंडेक्स 0.87 प्रतिशत, निफ्टी बैंक 0.41 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.62 प्रतिशत, मेटल 0.54 प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स 0.72 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए।
ट्रेंट, इंडिगो और इंफोसिस चमके
निफ्टी 50 में शामिल शेयरों में शुक्रवार को ट्रेंट ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी का शेयर 5.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,017.30 रुपये पर बंद हुआ। वहीं, इंटरग्लोब एविएशन में 4.33 प्रतिशत की तेजी आई और यह 4,877.60 रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा इंफोसिस 3.36 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल्स 3.02 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.92 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.85 प्रतिशत और एचसीएल टेक 1.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे। सन फार्मा का शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं, गिरावट वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस सबसे आगे रहा। इसमें 2.13 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.72 प्रतिशत, अदाणी पोर्ट्स 1.18 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.16 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.10 प्रतिशत, अदाणी एंटरप्राइजेज 1.09 प्रतिशत और कोल इंडिया 1.04 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। इन शेयरों में निवेशकों की बिकवाली का दबाव देखने को मिला।

