हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है। राज्य आपदा संचालन केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में बारिश के कारण प्रदेश में 98 सड़कें बंद, 107 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित और 37 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। 31 अगस्त को सुबह 10 बजे जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, 30 अगस्त शाम तक 64 सड़कें, 226 ट्रांसफॉर्मर और 9 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं। इसके बाद 31 अगस्त सुबह तक सड़कें बंद होने का आंकड़ा बढ़कर 98 हो गया।
जिला स्तर पर मंडी में सबसे अधिक 43 सड़कें बंद हैं और 89 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं। चंबा में 15 सड़कें और 5 ट्रांसफॉर्मर, कुल्लू में 16 सड़कें, सोलन में 4 सड़कें और 5 ट्रांसफॉर्मर, सिरमौर में 5 सड़कें तथा शिमला में 2 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा में 7 और ऊना में 4 सड़कें भी प्रभावित हैं। बारिश के कारण पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। हमीरपुर में 37 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं, जो प्रदेश में सबसे अधिक हैं।
मानसून में अब तक 253 मौतें
30 जून से 30 अगस्त 2026 तक की संचयी रिपोर्ट के अनुसार, मानसून सीजन में हिमाचल में 104 लोगों की मौत प्राकृतिक आपदाओं/अन्य घटनाओं में, जबकि 149 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। यानी मानसून अवधि में अब तक कुल 253 लोगों की जान जा चुकी है। प्राकृतिक आपदाओं में सबसे अधिक मौतें शिमला और कांगड़ा में 16-16, जबकि मंडी में 10, सिरमौर में 14 और चंबा में 13 मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं सड़क हादसों में सिरमौर में 19, शिमला में 19, चंबा में 17, कांगड़ा में 17, ऊना में 18 और कुल्लू में 16 मौतें दर्ज की गई हैं।
शिमला-कालका छोटी लाइन पर 10 ट्रेन रद्द
लगातार बारिश के कारण शिमला-कालका छोटी लाइन पर चलने वाली 10 ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। सोलन जिले में रेलवे पटरी के एक हिस्से के आसपास की मिट्टी बह जाने के बाद यह फैसला लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच मिट्टी खिसकने से पटरी का एक हिस्सा बिना आधार के हवा में नजर आया। इस स्थिति को देखते हुए रेलवे ने शनिवार रात से इस मार्ग पर चलने वाली ‘टॉय ट्रेन’ का संचालन रोक दिया गया। शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संजय गेवर ने बताया कि रविवार को कालका और शिमला के बीच चलने वाली 10 ट्रेन को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पटरी को सुरक्षित किए जाने और उसकी स्थिति का आकलन करने के बाद ही रेल सेवाएं बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
चार दिन तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक भारी बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 अगस्त से तीन सितंबर तक हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। शनिवार शाम से धौलाकुआं में 38.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद घाघस में 30 मिमी, पालमपुर में 23.8 मिमी, मुरारी देवी में 22 मिमी, काहू में 11.6 मिमी और पंडोह में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम कार्यालय ने कहा कि कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ीं और बिजली चमकी। 30 जून को मानसून के आगमन से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में राज्य को 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।





