क्रिकेट में अब बल्लेबाजों की ओर से होने वाली देरी पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अगर कोई बल्लेबाज अगली गेंद खेलने के लिए बार-बार तय समय के भीतर तैयार नहीं होता और मैच में अनावश्यक देरी करता है, तो इसका खामियाजा उसकी टीम को भुगतना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाई जा सकती है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्रिकेट के नियमों में कई बदलाव किए हैं, जो 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो गए हैं।
नए नियम के तहत, अगर कोई बल्लेबाज एक पारी के दौरान बार-बार समय बर्बाद करता है, तो उसकी टीम को 5 रन की पेनल्टी का नुकसान उठाना पड़ेगा। पहली बार देरी करने पर बल्लेबाज को चेतावनी दी जाएगी, जबकि दूसरी बार अंतिम चेतावनी मिलेगी। इसके बाद हर बार समय बर्बाद करने पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाएंगे। ICC के नियम के मुताबिक, गेंदबाज और फील्डिंग टीम के अगली गेंद के लिए तैयार होते ही बल्लेबाज को भी खेलने के लिए तैयार रहना होगा।
5 रन का भुगतना होगा नुकसान
नए नियम के मुताबिक, बल्लेबाज की पहली गलती पर तुरंत 5 रन की पेनल्टी नहीं लगेगी। पहली बार देरी होने पर गेंदबाज की ओर से अंपायर बल्लेबाज को चेतावनी देगा और इसकी जानकारी नॉन-स्ट्राइकर, अगले बल्लेबाज, फील्डिंग टीम के कप्तान और दूसरे अंपायर को दी जाएगी। दूसरी बार देरी पर भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी, लेकिन इसे अंतिम चेतावनी माना जाएगा। इसके बाद तीसरी बार और हर अगली देरी पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन मिलेंगे।
मल्टी-डे क्रिकेट में इन चेतावनियों का रिकॉर्ड पूरी पारी के दौरान लगातार नहीं चलेगा। 80 ओवर पूरे होने के बाद चेतावनियां रीसेट हो जाएंगी। इसके बाद हर नए 80 ओवर के चरण में बल्लेबाजों के लिए चेतावनी की प्रक्रिया फिर से शुरू होगी।
वूमेन्स क्रिकेट में अब अलग गेंद
ICC ने महिला क्रिकेट और जूनियर क्रिकेट को लेकर भी नियमों में अहम बदलाव किए हैं। अब दोनों फॉर्मेट में एक जैसी गेंद इस्तेमाल करने की व्यवस्था नहीं होगी। मेन्स, वूमेन्स और जूनियर क्रिकेट के लिए गेंद के आकार और वजन की अलग-अलग सीमाएं निर्धारित की गई हैं। रन आउट और स्टंपिंग के नियमों को भी ज्यादा स्पष्ट किया गया है। विकेटकीपर या फील्डर के लिए गेंद पर पूरा नियंत्रण होना जरूरी होगा। सिर्फ गेंद को छूकर विकेट गिरा देने को पर्याप्त नहीं माना जाएगा। इसके अलावा डे-टेस्ट मैचों में पिंक गेंद के इस्तेमाल को भी ICC ने आधिकारिक विकल्प के तौर पर शामिल कर लिया है।

