यूपी के बहराइच जिले से दिल को दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। जहां एक महिला के साथ हैवानियत की सारी हदे पार कर दी गई। जहां महिला पर पहले तेजाब डाला गया फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद निर्वस्त्र कर लाश कोतवाली मुर्तिहा के खैरा जंगल से सटे नौबना गांव के पास फेंक दी गई। शनिवार को सुबह उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली मुर्तिहा के नौबना गांव के पास शनिवार की सुबह ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकले तो गांव के बगल में ही महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शव पूरी तरह निर्वस्त्र था। उसके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। इसी कपड़े से उसका गला घोटे जाने की आशंका है। इसके अलावा हत्यारों ने महिला के चेहरे पर तेजाब भी डाला था, जिससे उसका चेहरा झुलस गया है। शव मिलने की सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा अरुण चंद्र, मुर्तिहा कोतवाल अशोक कुमार थाना मोतीपुर के एसएचओ हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर वारदात की जांच शुरू कर दी है।
मुर्तिहा के कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। इस तरह बर्बरता से हत्या कर शव फेंके जाने को लेकर आम लोगों में आक्रोश है।