दिवाली और छठ पूजा पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के सामने इस बार बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। त्योहारों के मौके पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई रूटों पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। वहीं, दूसरी तरफ हवाई जहाज का किराया भी इतना बढ़ गया है कि आम आदमी के लिए फ्लाइट से सफर करना आसान नहीं रह गया है।
दरअसल, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 200 के पार पहुंच गई है, जबकि कुछ ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है। जनरल और स्लीपर कोच में भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब बात करें हवाई सफर की तो यहां भी यात्रियों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। मुंबई से पटना और वाराणसी जाने वाली फ्लाइट का किराया 11 से 13 नवंबर के बीच करीब 15 हजार से 22 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, बेंगलुरु से रांची जाने का हवाई किराया कुछ तारीखों पर करीब 31 हजार रुपये तक दर्ज किया गया है।ऐसे में त्योहार पर घर पहुंचना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने त्योहारों के दौरान हजारों स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की योजना बनाई है। उत्तर रेलवे ने भी दिल्ली और एनसीआर से गोरखपुर, छपरा और दूसरे शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें घोषित की हैं। रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के बावजूद यात्रियों की भारी मांग के कारण सीटों का संकट बना हुआ है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लोग दिवाली और छठ पर समय से अपने घर पहुंच पाएंगे या महंगे सफर की परेशानी उनके त्योहार का बजट बिगाड़ देगी?

