दिल्ली-UP से महाराष्ट्र तक आग का तांडव! कहीं फैक्ट्री धधकी तो कहीं घर में अग्निकांड

देशभर में रविवार को दिवाली का त्योहार उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों ने मिठाइयों का आनंद लिया और जमकर आतिशबाजी की। हालांकि, जश्न के बीच पटाखों से निकली चिंगारी कई जगहों पर हादसे की वजह बन गई। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कहीं कबाड़ के गोदाम धू-धूकर जल उठे तो कहीं दुकान, मकान और गारमेंट फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। अलग-अलग इलाकों में हुए इन अग्निकांडों से लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।

दिल्ली में नजफगढ़ की गारमेंट फैक्ट्री में आग
दिवाली की रात दिल्ली में आग लगने की कई घटनाओं ने लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। नजफगढ़ के नांगली सकरावती इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 25 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं, नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई। इसके अलावा शाहदरा के अशोक नगर स्थित रमेश स्टोर में भी पटाखों के कारण आग लग गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कुछ युवक दुकान के पास पटाखे जला रहे थे। उन्हें ऐसा करने से मना किया गया, लेकिन वे नहीं माने। देखते ही देखते पटाखों से निकली चिंगारी दुकान तक पहुंच गई और वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया।

आग की चपेट में आया गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक का एक फ्लैट
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी दिवाली की रात आग की घटना सामने आई। क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के अंदर रॉकेट आने के बाद आग भड़की। हालांकि, आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए अधिकारी जांच कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फ्लैट में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

गाजियाबाद की प्लास्टिक फैक्ट्री में आग
गाजियाबाद के विजय नगर इंडस्ट्रियल एरिया में भी दिवाली के दौरान आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। साउथ साइड जीटी रोड स्थित नोवा फॉर्म वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड की प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक शटरिंग का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, लखनऊ के छोटा देवी खेड़ा इलाके में स्थित एक कबाड़ के गोदाम में भी आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में भी किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।

नवी मुंबई के शॉपिंग सेंटर की एक दुकान में अग्निकांड
महाराष्ट्र में भी दिवाली के दौरान आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। नवी मुंबई के तुर्भे सेक्टर-21 स्थित एक शॉपिंग सेंटर की पहली मंजिल पर सोफा बनाने वाली दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वहीं, मुंबई के विद्याविहार इलाके में स्थित स्काईलाइन एपिटोम बिल्डिंग भी आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

मुंबई के हाजी कसम चॉल में एक गैरेज में लगी आग
मुंबई में दिवाली के दौरान हाजी कसम चॉल स्थित एक गैरेज में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। हादसे में गैरेज का पूरा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं, पुणे में भी दिवाली के दिन आग की दो घटनाएं सामने आईं। वडगांव शेरी स्थित एक अपार्टमेंट और फुरसुंगी इलाके के एक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग की चपेट में आए ठाणे के रिहायशी परिसर के 3 फ्लोर
ठाणे के रहेजा गार्डन रिहायशी परिसर में भी दिवाली की रात आग लगने की घटना सामने आई। परिसर की 8वीं, 9वीं और 10वीं मंजिल पर आग भड़कने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, मध्य प्रदेश के देवास में भी दिवाली की रात आग की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। जनता बैंक क्रॉसिंग के पास एक रेस्टोरेंट और मकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही 10 से 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके अलावा, देवास में अलग-अलग तीन स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1