दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने में तीन दिन का वक्त बाकी है, लेकिन आम आदमी पार्टी और BJP के बीच जुबानी जंग बेहद तीखी हो गई है। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और BJP पर टुची राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल से कुछ दूर हवा में फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद दोनों पार्टियां एक-दूसरे को निशाने पर लिए हुए हैं।
वहीं इस पूरे विवाद पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”इन लोगों ने सबकुछ करके देख लिया लेकिन कुछ नहीं चला इसलिए 48 घंटे पहले दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर गंदी राजनीति कर रहे हैं। इन लोगों ने कल आरोप लगाया कि हमने फायरिंग करवायी है। हमारी औकात है क्या इस तरह से फायरिंग करवाने की ?”
केजरीवाल ने कहा, ”जो शूटर है उसके पिता ने कह दिया है कि मेरा आम आदमी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। मेरा कहना है कि अगर उसका आम आदमी पार्टी से कोई लिंक होतो उसे दो के बजाए 4 साल की सजा दो। अमित शाह जी चुनाव खत्म होने से पहले अब टुच्चे-टुच्चे स्टंट कर रहे हैं। इन लोगों का सब कुछ फेल हो गया है। मुझे दिल्ली जनता पर विश्वास है।”
गोली चलाने वाले युवक की आप नेताओं के साथ तस्वीर सामने आने पर BJP ने कहा कि अब केजरीवाल की पार्टी बेनकाब हो गई है। वहीं, आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसे BJP की डर्टी राजनीति बताया है। आरोपी के पिता ने कपिल के आप से रिश्ते होने की बात को सिरे से खारिज कर चुके है।
दिल्ली के शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल से कुछ दूर हवा में फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी युवक आम आदमी पार्टी का सदस्य है। क्राइम ब्रांच को कपिल बैंसला के मोबाइल में कुछ फोटो मिले हैं। जो फोटो मिली है, उसमें कपिल बैंसला AAP की नेता आतिशी और सांसद संजय सिंह के साथ नजर आ रहा है।
पुलिस के सूत्रों की माने तो यह फोटो करीब 1 साल पहले की है, जब कपिल बैसला और उसके पिता ने AAP की सदस्यता ली थी। साल 2019 की शुरुआत में दोनों ने आप ज्वाइन की थी। उस वक्त कपिल और उसके पिता के साथ साथ कपिल के करीब एक दर्जन से ज्यादा साथियों ने AAP पार्टी की सदस्यता ली थी। इस वक्त कपिल बैंसला क्राइम ब्रांच SIT की कस्टडी में है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में सीधी टक्कर BJP और AAP पार्टी के बीच ही है। AAP पार्टी 2015 में 67 सीटें जीतने में कामयाब रही थी, जबकि BJP को सिर्फ तीन सीटों पर जीत मिली थी। दिल्ली विधानसभा के लिए 8 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।

