चुनाव के ठीक पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले कर जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण करने वाले बिहार के पूर्व डीजीपी Gupteshwar Pandey को झटका लगा है। बिहार विधानसभा में उन्हें टिकट नहीं मिला है। उनके बक्सर की किसी सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का प्रत्याशी होने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन प्रत्याशियों की लिस्ट में उनका नाम नहीं है। इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर शुभचिंतकों के नाम से एक भावुक पोस्ट लिखा है। इसके बाद गुरुवार को CM नीतीश कुमार को क्लीन चिट देते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी को ठगते नहीं हैं। उनकी कोई मजबूरी रही होगी।
गुप्तेश्वर पांडेय ने किया ये इमोशनल पोस्ट
पूर्व डीजीपी Gupteshwar Pandey ने अपने फेसबुक पर पोस्ट लिखा है कि वे शुभचिंतकों के फोन से परेशान हैं। वे उनकी चिंता और परेशानी भी समझते हैं। उन्होंने लिखा है, ”सेवामुक्त होने के बाद सबको उम्मीद थी कि मैं चुनाव लड़ूंगा, लेकिन मैं इस बार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ रहा। हताश निराश होने की कोई बात नहीं है। धीरज रखें। मेरा जीवन संघर्ष में ही बीता है। मैं जीवन भर जनता की सेवा में रहूंगा। Gupteshwar Pandey ने शुभचिंतकों से धीरज रखने और मुझे फोन नहीं करने का आग्रह किया है। उन्होंने आगे लिखा है कि उनका जीवन बिहार की जनता को समर्पित है। आगे अपनी जन्मभूमि बक्सर की धरती और वहां के सभी जाति मजहब के सभी बड़े-छोटे भाई-बहनों माताओं और नौजवानों को प्रणाम करते हुए लिखा है कि उनके चाहने वाले अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें।
गुप्तेश्वर पांडेय ने इसके बाद गुरुवार को यह भी कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी को ठगते नहीं हैं। राजनीति की मजबूरियां होती हैं। आगे पार्टी जो काम देगी, वे करेंगे। उन्होंने कहा कि कभी-कभी ऐसा होता है कि आप जो सोचते है वैसा नहीं हो पाता है। राजनीति की कई मजबूरियां होती हैं। हो सकता है टिकट का मामला प्रभावित होता हो। पर टिकट नहीं मिलने के बावजूद वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व एनडीए के सिपाही हैं।
विदित हो कि Gupteshwar Pandey ने इसके 11 साल पहले 2009 में भी राजनीति में एंट्री की कोशिश की थी। तब आइजी रहते हुए उन्होंने VRS लिया था। वे बक्सर से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उस समय भी उन्हें टिकट नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने अपना वीआरएस वापस ले लिया था। इस बार भी उनके JDU या भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर बक्सर सीट से चुनाव लड़ने की संभावना तब खत्म हो गई, जब BJP ने वहां से परशुराम चतुर्वेदी के प्रत्याशी होने की घोषणा कर दी। हालांकि, अब उनके वाल्मीकिनगर से लोकसभा उपचुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।