देशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ा, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में आज भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तेलंगाना, बिहार और विदर्भ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के आसार: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश हो सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम
रविवार को बिहार में भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में भी बारिश व तूफान का दौर जारी रह सकता है। दोनों राज्यों में अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश की संभावना है। शाम से रात के समय भी हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32°C से 34°C और 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और तटीय कर्नाटक में भी बारिश हो सकती है। वहीं केरल, लक्षद्वीप और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने से अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

