दिल्ली से वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे 31 अक्टूबर 2026 को दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का शुभारंभ करने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह ट्रेन यात्रियों को रातभर के सफर के बाद सुबह उनकी मंजिल तक पहुंचाएगी। रेलवे के स्वीकृत टाइमटेबल के मुताबिक, ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।
इस ट्रेन का रूट प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद से होकर गुजरेगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से शुक्रवार और दिल्ली से शनिवार को सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
अब बात किराये की। थर्ड एसी का बेस किराया 1,819 रुपये, सेकंड एसी का 2,349 रुपये और फर्स्ट एसी का 2,880 रुपये निर्धारित किया गया है। जीएसटी अलग से देना होगा।
इस ट्रेन में कुल 16 कोच और 823 यात्रियों के बैठने-सोने की क्षमता होगी।

